Indian Football Fans की हुई बल्ले-बल्ले! अक्टूबर में कोलकाता में हो सकता है बड़ा इंटरनेशनल फुटबॉल मुकाबला

ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम अक्टूबर में भारत में एक मैत्री मैच खेल सकती है. रिपोर्ट के अनुसार मुकाबला कोलकाता में आयोजित होने की संभावना है. ब्राजील फुटबॉल महासंघ और आयोजकों के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है.

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम अक्टूबर में भारत का दौरा कर सकती है. प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत टीम कोलकाता में एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी. हालांकि प्रतिद्वंद्वी टीम का नाम अभी तय नहीं हुआ है. अगर यह योजना सफल रहती है तो भारतीय फैंस को अपने पसंदीदा ब्राजीलियाई खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर खेलते देखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा.

कोलकाता में हो सकता है मुकाबला

रिपोर्ट के अनुसार ब्राजील फुटबॉल महासंघ भारत में तीसरे मैत्री मुकाबले के आयोजन पर काम कर रहा है. इससे पहले टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 और 29 सितंबर को दो मुकाबले खेलेगी. भारत में होने वाला संभावित मैच अक्टूबर की शुरुआत में कोलकाता में आयोजित किया जा सकता है. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.


विश्व कप के दौरान शुरू हुई बातचीत

बताया जा रहा है कि इस मुकाबले को लेकर बातचीत 2026 विश्व कप के दौरान शुरू हुई थी. टूर्नामेंट में ब्राजील को भारतीय प्रशंसकों का जबरदस्त समर्थन मिला था. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में भारतीय समर्थक ब्राजील की जर्सी पहनकर टीम का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए. इसी उत्साह को देखते हुए भारत में मैच आयोजित करने की योजना बनी.

सुपर फीफा विंडो का होगा हिस्सा

यह प्रस्तावित मुकाबला फीफा की नई सुपर अंतरराष्ट्रीय विंडो के तहत आयोजित किया जाएगा. यह विंडो 16 दिनों की होती है, जिसमें प्रत्येक राष्ट्रीय टीम अधिकतम चार मुकाबले खेल सकती है. ब्राजील इस अवधि का उपयोग मैत्री मुकाबलों के साथ अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए करना चाहता है.

फुटबॉल का गढ़ माना जाता है कोलकाता

कोलकाता लंबे समय से भारत की फुटबॉल राजधानी माना जाता है. विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के दौरान यहां की सड़कें ब्राजील के रंग में रंग जाती हैं. नेमार और विनी जूनियर जैसे खिलाड़ियों की भित्तिचित्रों से शहर की दीवारें सज जाती हैं. यही वजह है कि संभावित मैत्री मुकाबले के लिए कोलकाता को सबसे उपयुक्त मेजबान शहर माना जा रहा है.