स्विंग किंग भुवनेश्वर ने रचा IPL में इतिहास, 200 विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने
स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. वह 200 विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने.
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार का दिन एक बड़े ऐतिहासिक रिकॉर्ड का गवाह बना. अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से दुनिया भर के बल्लेबाजों को नचाने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जर्सी में खेलते हुए भुवी आईपीएल के इतिहास में 200 विकेट का जादुई आंकड़ा छूने वाले दुनिया के मात्र दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. रविवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए ब्लॉकबस्टर मुकाबले में उन्होंने यह ऐतिहासिक और खास उपलब्धि अपने नाम की.
म्हात्रे को आउट कर पूरा किया 200वां शिकार
इस हाई-स्कोरिंग मैच में RCB ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 251 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. रनों के इस बड़े पहाड़ का बचाव करने उतरी बेंगलुरु की टीम को शुरुआती सफलता दिलाने की जिम्मेदारी भुवनेश्वर कुमार के कंधों पर थी. पारी के दूसरे ही ओवर में इस दाएं हाथ के मीडियम पेसर ने अपनी धारदार गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया. चेन्नई के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का अहम विकेट चटकाकर अपने आईपीएल करियर का 200वां शिकार पूरा कर लिया. विकेट लेते ही स्टेडियम में मौजूद फैंस ने खड़े होकर इस दिग्गज का अभिवादन किया.
दिग्गज चहल के एलीट क्लब में मारी एंट्री
आईपीएल के 19 साल के लंबे इतिहास में भुवनेश्वर कुमार से पहले यह बड़ा कारनामा सिर्फ दिग्गज लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ही कर पाए हैं. चहल, जो मौजूदा 2026 सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं, आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं. अब इस एलीट लिस्ट में चहल के साथ भुवनेश्वर का नाम भी हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है.
भुवी का शानदार क्रिकेटिंग सफर
अपने लंबे और सफल आईपीएल करियर में भुवनेश्वर कुमार ने हमेशा अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है. उन्होंने इस लीग में पुणे वॉरियर्स इंडिया, सनराइजर्स हैदराबाद और अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का शानदार तरीके से प्रतिनिधित्व किया है. सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भुवी का डंका बजता है. उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 90 टी-20 इंटरनेशनल विकेट झटके हैं और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में सातवें पायदान पर मजबूती से काबिज हैं.
IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज:
- युजवेंद्र चहल - 176 मैच, 224 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार - 192* मैच, 200 विकेट
- सुनील नरेन - 191 मैच, 193 विकेट
- पीयूष चावला - 192 मैच, 192 विकेट
- आर. अश्विन - 221 मैच, 187 विकेट