IPL 2026 से पहले लखनऊ ने अपने कोचिंग स्टाफ में किया बड़ा बदलाव, इस दिग्गज को मिली जिम्मेदारी!
IPL 2026, Bharat Arun: आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है. उन्होंने भरत अरूण को अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है.
IPL 2026, Bharat Arun: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज भारत अरुण को अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है. अरुण, जो पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ 2024 में खिताब जीत चुके हैं, अब LSG के साथ नई पारी शुरू करेंगे. यह बदलाव लखनऊ की टीम को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
62 वर्षीय भारत अरुण ने भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उनके मार्गदर्शन में भारत के गेंदबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया. अब अरुण ने LSG के साथ दो साल का करार किया है. उनकी जिम्मेदारी होगी कि वह LSG के गेंदबाजों के साथ साल भर काम करें और उनकी तकनीक व रणनीति को निखारें.
जहीर खान और जस्टिन लैंगर की छुट्टी?
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत अरुण की नियुक्ति के साथ ही LSG ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं. पिछले सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG के मेंटर रहे जहीर खान का करार एक साल का था. अब खबर है कि फ्रेंचाइजी उनके करार को रिन्यू करने के मूड में नहीं है. इसके अलावा, हेड कोच जस्टिन लैंगर की स्थिति भी अनिश्चित है, जो पिछले दो सीजन से टीम के साथ थे. माना जा रहा है कि LSG नए सिरे से अपनी कोचिंग टीम तैयार करना चाहता है.
KKR के साथ शानदार रहा अरुण का सफर
भारत अरुण ने KKR के साथ 2022 से 2024 तक चार साल काम किया. इस दौरान उन्होंने KKR के गेंदबाजों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई, जिसका नतीजा 2024 में खिताब के रूप में सामने आया. KKR ने अरुण के साथ आपसी सहमति से रास्ता अलग किया है.
फ्रेंचाइजी में ड्वेन ब्रावो जैसे मेंटर पहले से ही गेंदबाजी रणनीति देख रहे हैं, इसलिए अरुण का जाना दोनों पक्षों के लिए बेहतर माना गया. KKR की नीति रही है कि वह अपने स्टाफ की प्रोफेशनल ग्रोथ में बाधा नहीं बनता और इसी नीति के तहत अरुण को LSG के साथ जाने की अनुमति दी गई.