US Israel Iran War

नाइटक्लब विवाद के बीच बेन स्टोक्स की क्रिकेट में वापसी, इंग्लैंड टीम से बाहर होने के बाद इस टीम से खेलेंगे मैच

नाइटक्लब विवाद के कारण इंग्लैंड टीम से बाहर किए गए कप्तान बेन स्टोक्स काउंटी चैंपियनशिप में डरहम की तरफ से क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं.

X
Ashutosh Rai

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स इन दिनों एक बड़े विवाद में घिरे हुए हैं. लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद लंदन के एक नाइटक्लब में हुई घटना ने उनके करियर पर सवाल खड़े कर दिए. अब स्टोक्स काउंटी चैंपियनशिप के ज़रिए मैदान पर वापसी के लिए बिल्कुल तैयार हैं और उनके चाहने वालों में एक उम्मीद जाग उठी है.

नाइटक्लब कांड ने रोका स्टोक्स का सफर

न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में पहला टेस्ट 115 रन से जीतने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ी जश्न मनाने लंदन के एक नाइटक्लब पहुंचे. वहां कर्फ्यू के नियम तोड़े गए और मारपीट की घटना भी सामने आई. इस पूरे मामले की जांच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB और एक स्वतंत्र क्रिकेट नियामक कर रहे हैं. जांच के चलते स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को द ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच से बाहर बैठाया गया. इस घटना के बाद स्टोक्स के संन्यास तक की खबरें सोशल मीडिया पर चलने लगी थीं, जिससे उनके फैंस में चिंता का माहौल बन गया था.

डरहम के साथ होगी मैदान पर वापसी

विवाद के बाद स्टोक्स को डरहम की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. डरहम को शुक्रवार से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच खेलना है और स्टोक्स इसी मैच से क्रिकेट में कदम रखेंगे. स्टोक्स के टीम में आने से डरहम की ताकत काफी बढ़ गई है. इसके साथ ही गस एटकिंसन को भी घरेलू क्रिकेट में खेलने की अनुमति मिल गई है और वे कार्डिफ में ग्लेमोर्गन के खिलाफ सरे की तरफ से खेल सकते हैं.


इंग्लैंड टीम में वापसी की उम्मीद बाकी

स्टोक्स की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड टीम की कमान जो रूट के हाथों में है. अगर काउंटी मैच में स्टोक्स का प्रदर्शन अच्छा रहा और जांच में उनका नाम साफ हुआ तो वे न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड टीम का हिस्सा बन सकते हैं. डरहम की टीम में कॉलिन एकरमैन, डेविड बेडिंगहम, मैथ्यू पॉट्स, ओली रॉबिन्सन जैसे कई अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं. स्टोक्स के फैंस को उम्मीद है कि वे जल्द ही इंग्लैंड की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे और अपने खेल से सभी विवादों का जवाब देंगे.