T20 World Cup 2026

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इस दिन BCCI करेगा टीम इंडिया का ऐलान, बड़ी अपडेट आई सामने

टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाना है. इस टूर्नामें के लिए टीम इंडिया के ऐलान को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है.

@BCCI (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार भारतीय क्रिकेट फैंस को बेसब्री से है. अब इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर बीसीसीआई से एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक भारतीय टीम का ऐलान न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के साथ ही कर दिया जाएगा. 

यह सीरीज वर्ल्ड कप से ठीक पहले होगी और इसे ड्रेस रिहर्सल की तरह देखा जा रहा है. ऐसे में इस सीरीज की टीम के ऐलान के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का ऐलान किया जाएगा.

न्यूजीलैंड सीरीज ही होगी वर्ल्ड कप की अंतिम टीम?

बीसीसीआई के करीबी सूत्रों न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया है कि मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए लगभग एक जैसी ही टीम चुनने वाली है. 

न्यूजीलैंड सीरीज के बाद होगा टूर्नामेंट

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज 21 जनवरी 2026 से शुरू हो रही है और इसके तुरंत बाद फरवरी में वर्ल्ड कप शुरू होने की संभावना है. आईसीसी के नियम के अनुसार सभी टीमों को टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीना पहले टीम का ऐलान करना होता है.

ऐसे में जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत तक 15 सदस्यीय अंतिम टीम जमा करानी होती है. इसलिए न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान या इसके ठीक बाद टीम इंडिया का ऐलान हो जाएगा.

आखिरी मौका सिर्फ दक्षिण अफ्रीका सीरीज

सूत्रों का कहना है कि वर्ल्ड कप से पहले भारत सिर्फ 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा. इनमें से 5 दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और 5 न्यूजीलैंड के खिलाफ होंगे. 

दक्षिण अफ्रीका सीरीज कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए कुछ नए खिलाड़ियों को आजमाने का आखिरी मौका होगा. उसके बाद न्यूजीलैंड सीरीज में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा.

चोट के अलावा बदलाव मुश्किल

बीसीसीआई सूत्रों ने साफ कहा है, “वर्ल्ड कप से पहले इतने कम मैच हैं कि टीम में बार-बार बदलाव करना सही नहीं रहेगा. न्यूजीलैंड सीरीज के लिए जो 15 खिलाड़ी चुने जाएंगे वही वर्ल्ड कप में भी खेलते नजर आएंगे.” 

पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में यशस्वी जायसवाल को टीम में चुना गया था लेकिन बाद में परिस्थितियों के हिसाब से वरुण चक्रवर्ती को शामिल करना पड़ा था. चयनकर्ता इस बार ऐसी स्थिति से बचना चाहते हैं.