BCCI की तिजोरी में फिर भरेंगे करोड़ों रुपये, ChatGPT समेत 3 कंपनियां बनीं Team India की पार्टनर
बीसीसीआई ने भारत में होने वाले अगले 35 मैचों के लिए कैंपा कोला, ChatGPT और SBI Life को एसोसिएट पार्टनर बनाया है.
BCCI Sponsorship Deal: भारतीय क्रिकेट टीम के मैच सिर्फ खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि बीसीसीआई के लिए भी बड़ी कमाई का जरिया हैं. अब बोर्ड ने अगले 35 घरेलू मैचों के लिए तीन नए एसोसिएट पार्टनर जोड़े हैं. कैंपा कोला, ChatGPT और SBI Life की डील से बीसीसीआई को हर मुकाबले पर अच्छी रकम मिलेगी.
हर मैच से बरसेंगे करोड़ों रुपये
नई डील मार्च 2028 तक चलेगी. इस दौरान भारत अपनी जमीन पर कुल 35 बाइलेटरल मुकाबले खेलेगा. एसोसिएट पार्टनर बनने की बोली में कैंपा कोला सबसे आगे रहा. कंपनी बीसीसीआई को हर मैच के लिए 1.31 करोड़ रुपये देगी. अगर सभी 35 मुकाबलों को देखा जाए तो सिर्फ कैंपा कोला से ही करीब 45.85 करोड़ रुपये की रकम बनती है. इस करार से बोर्ड की कमाई और बढ़ने की उम्मीद है, भारतीय टीम के घरेलू मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं.
कैंपा कोला के अलावा इन कंपनियों ने भी मारी बाजी
कैंपा कोला के साथ ChatGPT और SBI Life भी टीम इंडिया के मैचों से जुड़ गए हैं. दोनों कंपनियां प्रत्येक मुकाबले के लिए 1.2-1.2 करोड़ रुपये का भुगतान करेंगी. इस बोली में बिसलेरी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन जैसी कंपनियों ने भी हिस्सा लिया था. दोनों ने 1.2 करोड़ रुपये प्रति मैच की बोली लगाई थी लेकिन कैंपा कोला ने ज्यादा रकम की पेशकश करके बाजी मार ली. इस तरह अगले 35 घरेलू मैचों के लिए बीसीसीआई के पास तीन नए एसोसिएट पार्टनर होंगे.
Also Read
टाइटल स्पॉन्सर की तलाश है जारी
बीसीसीआई को तीन नए एसोसिएट पार्टनर जरूर मिल गए हैं लेकिन टाइटल स्पॉन्सर का पद अभी खाली है. पिछला टाइटल स्पॉन्सरशिप करार अगस्त 2026 में खत्म हुआ था. इसके बाद बोर्ड ने नए स्पॉन्सर की तलाश शुरू की. जुलाई में इंटरनेशनल और घरेलू मैचों के स्पॉन्सर के लिए बोलियां मंगाई गई थी. टाइटल स्पॉन्सर के लिए 13 अगस्त और एसोसिएट पार्टनर के लिए 25 अगस्त अंतिम तारीख थी. टाइटल स्पॉन्सर तय नहीं होने के बाद एसोसिएट पार्टनर की समय सीमा बढ़ाकर 7 सितंबर कर दी गई थी.