menu-icon
India Daily

एक दिन पहले 85 रन की जीत, अगले मैच में 35 पर ढेर... ऑस्ट्रिया की हालत देख चौंकें फैंस

वुमेंस कॉन्टिनेंटल कप 2026 में ऑस्ट्रिया महिला टीम तुर्की के खिलाफ महज 35 रन पर सिमट गई. सात बल्लेबाज शून्य पर आउट हुईं. तुर्की ने 5.3 ओवर में आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
एक दिन पहले 85 रन की जीत, अगले मैच में 35 पर ढेर... ऑस्ट्रिया की हालत देख चौंकें फैंस
Courtesy: Pinterest

क्रिकेट में एक मैच की जीत के अगले ही मुकाबले में तस्वीर कितनी बदल सकती है, इसका बड़ा उदाहरण ऑस्ट्रिया महिला टीम ने पेश किया. ग्वेर्नसे को 85 रन से हराने के एक दिन बाद ऑस्ट्रिया की बल्लेबाजी तुर्की के खिलाफ बुरी तरह लड़खड़ा गई. बारिश से मुकाबला 10-10 ओवर का हुआ, लेकिन ऑस्ट्रिया की पारी केवल 8.1 ओवर में 35 रन पर खत्म हो गई. जवाब में तुर्की ने बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर आठ विकेट से जीत दर्ज की.

शुरुआत में ही लड़खड़ा गई ऑस्ट्रिया की पारी

तुर्की ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और शुरुआती ओवरों में ही ऑस्ट्रिया पर दबाव बना दिया. कप्तान प्रिया साबू और आशी चोपला बिना खाता खोले आउट हुईं. तीसरे ओवर में हादिया सिद्दीकी भी पवेलियन लौट गईं. इसके बाद कोमाती रेड्डी और शीतल भारद्वाज ने 20 रन जोड़कर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी.

हाजर सेलिक ने बरपाया कहर

रेड्डी के आठ रन पर आउट होने के बाद ऑस्ट्रिया का मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया. तुर्की की कप्तान कुब्रा कनावरची ने भी विकेट हासिल किया. इसके बाद हाजर सेलिक ने एक ही ओवर में तीन बल्लेबाजों को चलता कर दिया. उन्होंने केवल दो ओवर में चार विकेट लिए. ऑस्ट्रिया की ओर से कोई बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सका और टीम 35 रन पर सिमट गई.

T20 क्रिकेट में ऑस्ट्रिया का सबसे कम स्कोर

ऑस्ट्रिया की पूरी पारी 8.1 ओवर में खत्म हुई. शीतल भारद्वाज आखिरी विकेट के रूप में रन आउट हुईं. कोमाती रेड्डी के आठ रन टीम का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा. यह ऑस्ट्रिया का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सबसे कम स्कोर भी बन गया. खास बात यह रही कि एक दिन पहले टीम ने ग्वेर्नसे के खिलाफ 85 रन की शानदार जीत हासिल की थी.

तुर्की ने 5.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

36 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए तुर्की को भी शुरुआती झटका लगा. कप्तान कुब्रा कनावरची चार गेंद में बिना रन बनाए आउट हुईं. इसके बाद मल्लिका ने सुजान तुरान को भी पवेलियन भेज दिया. हालांकि जेहरा एंडर और मेलिके बायराम ने पारी संभाल ली. दोनों ने टीम को 5.3 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचाया. तुर्की ने आठ विकेट से जीत दर्ज की और 27 गेंद शेष रहते मुकाबला खत्म किया.