'वो तीनों फॉर्मेट के महानतम खिलाड़ी', David Warner की तारीफ में इस दिग्गज ने दिया बड़ा बयान
David Warner: ऑस्ट्रेलिया टीम के विस्फोटक ओपनर डेविड वॉर्नर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं. उनकी तारीफ में ऑस्ट्रेलिया टीम के कोच एंड्रयु मैकडोनाल्ड ने बड़ी बात कही है.
David Warner: ऑस्ट्रेलिया टीम के स्टार खिलाड़ी डेविड वार्नर टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं. पाकिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला उनके करियर की आखिरी टेस्ट होगा. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के हेड कोच एंड्रयु मैकडोनाल्ड ने डेविड वार्नर को तीनों फॉर्मेट का महान खिलाड़ी करार दिया है. उन्होंने ये भी कहा कि वार्नर की कमी ऑस्ट्रेलिया को खलेगी. क्योंकि उनके पास जिस तरह का टैलेंड है, उसे रिप्लेस करना आसान नहीं होगा.
वार्नर का इसलिए टीम में लगातार होता था चयन
cricket.com.au से बातचीत के दौरान एंड्रयु मैकडोनाल्ड ने डेविड वार्नर की तारीफों के पुल बांधे. उन्होंने कहा 'इस वक्त वो शायद ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट के सबसे महानतम खिलाड़ी हैं. वो टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं. उनकी कमी ऑस्ट्रेलिया को खलने वाली है. मुझे पता है कि कई बार उनकी आलोचना भी हुई है, लेकिन हमने देखा है कि टीम में उनकी क्या अहमियत है. यही वो वजह है, जिसके चलते वार्नर का सिलेक्शन टीम में लगातार होता रहा है. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक जमाकर खुद को साबित भी किया था.'
डेविड वार्नर का क्रिकेट करियर
डेविड वार्नर का टेस्ट क्रिकेट करियर शानदार रहा है. 111 मैचों की 203 पारियों में उन्होंने 44.59 की औसत से 8695 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 3 दोहरे शतक, 26 शतक और 36 अर्धशतक निकले हैं. इस खिलाड़ी ने 70.27 के स्ट्राईक रेट से टेस्ट में बल्लेबाजी की है. उनका हाई स्कोर 335 रहा है.