'धैर्य और संतुलित रणनीति का परिणाम', PM मोदी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष के आरोपों पर किया पलटवार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA सांसदों को बताया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता सरकार के धैर्य और संतुलित रणनीति का परिणाम है. इससे आर्थिक माहौल मजबूत हुआ और वैश्विक व्यापार में भारत की स्थिति और सुदृढ़ हुई है.

ani
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को इनडायरेक्टली संदेश देते हुए कहा कि धैर्य और निरंतरता से ही बड़े परिणाम मिलते हैं. NDA संसदीय दल की बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि टैरिफ को लेकर हुई आलोचनाओं के बावजूद सरकार अपने रुख पर अडिग रही. आज उसी नीति का सकारात्मक नतीजा सामने है. इसने भारत के लिए अनुकूल आर्थिक वातावरण तैयार किया है.

धैर्य की नीति और बदला माहौल

NDA संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता लंबे समय तक चले संवाद और धैर्यपूर्ण कूटनीति का नतीजा है. उन्होंने कहा कि जब टैरिफ को लेकर सवाल उठ रहे थे, तब भी सरकार ने जल्दबाजी नहीं की. आज वैश्विक व्यापार तनाव के बीच भारत को इसका फायदा मिल रहा है और आर्थिक माहौल मजबूत हुआ है.

बदलती वैश्विक व्यवस्था में भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था तेजी से बदल रही है और उसका झुकाव भारत की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि वह यह बात अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले भी कह चुके हैं. अब भारत न सिर्फ व्यापार समझौतों से फायदा ले रहा है, बल्कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ संतुलित रिश्ते भी बना रहा है.

समझौते से उद्योग और निर्यात को उम्मीद

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस व्यापार समझौते से घरेलू विनिर्माण और गुणवत्ता आधारित उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा. समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है. पीएम मोदी ने इसे भारतीय निर्यातकों के लिए बड़ी राहत बताया और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने वाला कदम कहा.