भारत की महिला क्रिकेट टीम ने T20 World Cup 2026 के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मुकाबले अपने नाम किए हैं, हालांकि इसके बावजूद सेमीफाइनल की टिकट अभी भी पक्की नहीं हुई है. भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले मैच में किसी भी कीमत पर जीत दर्ज करनी होगी जोकि भारत को ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलना है. अब सबकी निगाहें 28 जून को लॉर्ड्स में होने वाले आखिरी ग्रुप मुकाबलों पर है, जहां टीम इंडिया का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा. इस मैच के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के मुकाबले का नतीजा भी भारत की किस्मत तय करेगा. ऐसे में सेमीफाइनल की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है.
ग्रुप ए में पाकिस्तान और नीदरलैंड पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि बांग्लादेश की उम्मीदें भी लगभग खत्म हैं. अब सेमीफाइनल के दो स्थानों के लिए ऑस्ट्रेलिया, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जंग है. ऑस्ट्रेलिया अपने सभी चार मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है, जबकि भारत और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट की जीत के बाद भारत ने अपना नेट रन रेट 2.268 तक पहुंचा लिया है, जिससे टीम फिलहाल दूसरे स्थान पर बनी हुई है. वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने नीदरलैंड को बड़े अंतर से हराकर अपने नेट रन रेट में सुधार किया है. ऐसे में अंतिम दिन के मुकाबले दोनों टीमों के लिए बेहद अहम साबित होंगे.
अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो टीम के आठ अंक हो जाएंगे और टीम सेमीफाइनल की दावेदारी में बेहद मजबूत हो जाएगी. हालांकि अगर दक्षिण अफ्रीका भी अपना मैच जीत जाती है, तो दोनों टीमों की किस्मत का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. बेहतर नेट रन रेट वाली टीम अंतिम चार में जगह बनाएगी.
अगर किसी भी कीमत पर ऑस्ट्रेलिया भारत को मात देने में सफल हो जाती है तो भारत की उम्मीदें पूरी तरह बांग्लादेश पर टिकी रहेंगी. इस स्थिति में अगर बांग्लादेश दक्षिण अफ्रीका को हराने में सफल रहता है, तो भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल का फैसला होगा. लेकिन यदि दक्षिण अफ्रीका जीत जाती है, तो भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा.
अगर भारत और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो भारत को केवल एक अंक मिलेगा. ऐसी स्थिति में टीम इंडिया की उम्मीदें फिर बांग्लादेश की जीत पर निर्भर होंगी. यदि दक्षिण अफ्रीका अपना मुकाबला जीत लेती है, तो भारत अंकों में पीछे रह जाएगा और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.