menu-icon
India Daily

FIH Pro League 2026 लंदन में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, 7 जाबाजों ने गोल दागकर रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान

एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 7-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
FIH Pro League 2026 लंदन में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, 7 जाबाजों ने गोल दागकर रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान
Courtesy: X

लंदन में खेले गए एफआईएच प्रो लीग मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया. शुरुआती झटके के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की और लगातार गोल दागते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया. इस जीत ने भारतीय टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ाया.

शुरुआत में पिछड़ा भारत

मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही. 13वें मिनट में अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. भारतीय टीम ने घबराने के बजाय संयम बनाए रखा. 20वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक सुखजीत सिंह से लगकर गोल में पहुंची और भारत ने बराबरी कर ली. दूसरे क्वार्टर में खेल बराबरी का रहा लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली. पाकिस्तान के खिलाड़ी अहमद नदीम की चोट के कारण खेल कुछ देर रुका, जिसके बाद भारत ने अपना असली आक्रामक खेल दिखाया.

दूसरे हाफ में भारत का तूफान

हाफ टाइम के बाद भारतीय टीम पूरी तरह अलग अंदाज में नजर आई. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई. इसके तुरंत बाद हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया. अगले ही मिनट जुगराज सिंह ने शानदार फील्ड गोल दागकर पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं. अभिषेक ने अपने दमदार रिवर्स हिट से पांचवां गोल किया, जबकि राजकुमार पाल ने छठा गोल जोड़ दिया. आखिरी क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने नजदीक से गोल कर भारत की जीत पर मुहर लगा दी. पाकिस्तान की रक्षा पंक्ति भारतीय हमलों के सामने पूरी तरह बिखर गई.

भारत की रैंकिंग सुधरी

इस बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में नीचे से दूसरे स्थान से सातवें स्थान पर पहुंच गई. अब भारत के 15 मैचों में 17 अंक हो गए हैं और टीम का अगला मुकाबला रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ होगा. दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही. टीम इस सीजन में अब तक अपने सभी 15 मुकाबले हार चुकी है. इतना ही नहीं, यह तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने एक ही मैच में सात गोल खाए हैं. भारतीय टीम के लिए यह जीत सिर्फ दो अंक नहीं बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने वाला प्रदर्शन भी साबित हुई.