नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा आज भी अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस का दिल जीत रहे हैं. दोनों टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब वनडे फॉर्मेट में खेलते नजर आते हैं. फैंस को 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भी इन दोनों प्लेयर्स के खेलने की उम्मीद है.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलने वाले रोहित और विराट को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से सालाना कितनी सैलरी मिलती है? आइए जानते हैं दोनों की कमाई और टीम इंडिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले प्लेयर्स के बारे में.
BCCI ने 2026-27 सीजन के लिए प्लेयर्स के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बदलाव किया है. पहले प्लेयर्स को चार ग्रेड में बांटा जाता था, लेकिन अब ग्रेड A+, A, B और C की जगह केवल तीन ग्रेड रखे गए हैं. इस नई व्यवस्था के तहत विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड B में रखा गया है. इस ग्रेड में शामिल प्लेयर्स को BCCI सालाना 3 करोड़ रुपये देता है. यानी दोनों दिग्गज प्लेयर्स को सेंट्रल एग्रीमेंट के तहत हर साल 3-3 करोड़ रुपये मिलते हैं. हालांकि, यह उनकी कुल कमाई नहीं है. मैच फीस, विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट और अन्य निवेश से उनकी कमाई अलग हो सकती है.
BCCI के सेंट्रल एग्रीमेंट में शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह को ग्रेड A में जगह मिली है. इस ग्रेड के प्लेयर्स को सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते हैं. इस तरह इन तीनों प्लेयर्स को सेंट्रल एग्रीमेंट के तहत विराट कोहली और रोहित शर्मा से 2 करोड़ रुपये ज्यादा मिलते हैं.
ग्रेड A: 5 करोड़ रुपये सालाना
ग्रेड B: 3 करोड़ रुपये सालाना
ग्रेड C: 1 करोड़ रुपये सालाना
पहले ग्रेड A+ के प्लेयर्स को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते थे. नए सिस्टम में इस ग्रेड को हटा दिया गया है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उनकी कमाई केवल वनडे मैचों तक सीमित है. सेंट्रल एग्रीमेंट के अलावा प्लेयर्स को मैच खेलने की फीस और विज्ञापनों से भी पैसा मिलता है. हालांकि, सेंट्रल एग्रीमेंट की राशि उनके ग्रेड के आधार पर तय होती है. इसलिए दोनों दिग्गजों को ग्रेड B के तहत सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं.