Asian Games 2026: सतनाम सिंह और सलमान खान ने रोइंग में जीता ब्रॉन्ज, भारत को डबल स्कल्स में मिला मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए रोइंग से अच्छी खबर सामने आई है. नागोया में भारतीय रोअर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों के डबल स्कल्स (M2X) इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है.
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए रोइंग से अच्छी खबर सामने आई है. नागोया में भारतीय रोअर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों के डबल स्कल्स (M2X) इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है. भारतीय जोड़ी ने नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 6:13.25 का समय निकाला. दोनों प्लेयर्स शुरुआत में काफी अच्छी स्थिति में थे और 1500 मीटर तक दूसरी पोजिशन में पर चल रहे थे. हालांकि, आखिरी 500 मीटर में रफ्तार थोड़ी कम हुई और भारतीय खिलाड़ी तीसरे स्थान पर पहुंच गए.
चीन ने जीता गोल्ड, उज्बेकिस्तान को सिल्वर:
पुरुषों के डबल स्कल्स फाइनल में चीन की यी शुडी और यीदे नी की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीता. चीनी जोड़ी ने 6:09.37 का समय निकाला. उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक मामातकुलोव ने 6:10.49 के समय के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वहीं, सतनाम सिंह और सलमान खान ने 6:13.25 का समय निकालकर भारत को ब्रॉन्ज दिलाया. भारतीय जोड़ी गोल्ड मेडल जीतने वाली चीन की टीम से 3.88 सेकेंड पीछे रही.
सतनाम सिंह का एशियन गेम्स में लगातार दूसरा मेडल:
इस जीत के साथ सतनाम सिंह ने एशियन गेम्स में अपना लगातार दूसरा रोइंग मेडल जीता है. इससे पहले उन्होंने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स टीम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था. अब उन्होंने डबल स्कल्स में सलमान खान के साथ मिलकर एक और पदक अपने नाम किया है.
Also Read
सतनाम का रोइंग करियर शुरू होने से पहले वह नेशनल लेवल पर हैंडबॉल खेलते थे. साल 2018 में ओलंपियन स्वर्ण सिंह विर्क की सलाह पर उन्होंने रोइंग को अपनाया. इसके बाद उन्होंने तेजी से अपनी पहचान बनाई. सतनाम ने 2018 यूथ ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया. 40वीं सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में उन्होंने पुरुषों के सिंगल स्कल्स का खिताब भी जीता.
सलमान और सतनाम का शानदार रिकॉर्ड:
सलमान खान ने 2022 और 2023 नेशनल गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीते हैं. वह 2023 वर्ल्ड रोइंग कप और 2024 BRICS गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. 2025 में उन्होंने एशियन रोइंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था. वहीं 2026 सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने सिल्वर अपने नाम किया. दूसरी ओर, सतनाम ने 2025 इंडोर एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर और सीनियर एशियन रोइंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था.
Asian Games 2026 में भारत के मेडल:
सतनाम सिंह और सलमान खान के ब्रॉन्ज के बाद भारत के पदकों की संख्या में एक और इजाफा हुआ. अब तक भारत ने निशानेबाजी, क्रिकेट, MMA, स्कीट, सॉफ्ट टेनिस, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन, रोइंग और वुशू समेत कई खेलों में पदक जीते हैं. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीता है. मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्वर, भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने ब्रॉन्ज और रोशिबिना देवी नाओरेम ने वुशू में सिल्वर जीता है. रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान का ब्रॉन्ज भी भारत के पदक अभियान में जुड़ गया है. दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रोइंग टीम के प्रदर्शन को और मजबूत किया है.