जेमिमा OUT, प्रतिका IN... Asian Games 2026 से पहले टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल

एशियन गेम्स 2026 से ठीक पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बदलाव हो गया है. चोटिल जेमिमा रोड्रिग्स की जगह प्रतिका रावल को शामिल किया गया है. रावल के टीम में शामिल होने के बाद ही एशियन गेम्स की टीम ही बदल गई है.

Pinterest
Meenu Singh

एशियन गेम्स के आगाज में अब गिनती के दिन शेष रह गए हैं. एशियन खेलों का श्रीगणेश 19 सितंबर से नागोया में होने वाला है. लेकिन एशियन गेम्स 2026 से ठीक पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अहम बदलाव किया गया है. चोट से जूझ रहीं जेमिमा रोड्रिग्स की जगह युवा बल्लेबाज प्रतिका रावल को टीम में रखा गया है. जेमिमा को 3 अगस्त को 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी. इसी वजह से वह महिला एशिया कप और एशियाई खेलों से बाहर हो गईं. अब रावल जापान में भारत का हिस्सा होंगी.

जेमिमा की जगह रावल को मिली जगह

प्रतिका रावल को पहले ही एशिया कप में जेमिमा के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किया गया था. एशियन गेम्स के लिए उनके चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी. अब BCCI सूत्र ने बताया कि 15 सदस्यीय टीम में रावल का नाम पहले से मौजूद था. ऐसे में वह जेमिमा की जगह एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

एशिया कप में नंबर-3 पर कर रहीं बल्लेबाजी

17 साल की प्रतिका ने मौजूदा एशिया कप में अपना T20I डेब्यू किया है. टीम मैनेजमेंट ने उन्हें नंबर-3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी है. ग्रुप चरण में उन्होंने तीन मुकाबलों में 22, 10 और 4 रन बनाए हैं. एशियन गेम्स में भी टीम को उनसे शीर्ष क्रम में उपयोगी योगदान की उम्मीद रहेगी.


चोट के बाद हुई रावल की वापसी

रावल के लिए टीम में वापसी आसान नहीं रही. उन्होंने नवंबर 2024 के बाद कोई प्रतिस्पर्धी T20 मुकाबला नहीं खेला था. 2025 महिला ODI वर्ल्ड कप के दौरान टखने में चोट लगने के कारण वह 2026 WPL से भी बाहर हो गई थीं. UP वॉरियर्स ने उन्हें पिछले साल नीलामी में 50 लाख रुपये में खरीदा था.

वन डे कप से पहले आया टीम इंडिया का बुलावा

रावल इंग्लैंड में वन डे कप खेलने के लिए वार्विकशायर से जुड़ने की तैयारी कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें भारतीय टीम से बुलावा मिल गया. अब उनका अगला बड़ा लक्ष्य एशियन गेम्स होगा. भारत पिछली बार हांगझोऊ में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीत चुका है. फाइनल में टीम ने श्रीलंका को 19 रन से हराया था.

17 सितंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता

एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी. मुकाबले 17 से 22 सितंबर तक होंगे. भारत के अलावा बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, जापान, थाईलैंड, मलेशिया और चीन मैदान में होंगे. भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर कप्तान और स्मृति मंधाना उप-कप्तान हैं. ऋचा घोष और जी कमलिनी विकेटकीपर की भूमिका में शामिल हैं.