Asian Games 2026

Asian Games 2026 का धमाकेदार आगाज, मनु भाकर-पवन सहरावत ने लहराया तिरंगा; खाली सीटों ने खड़े किए बड़े सवाल

नागोया में एशियन गेम्स 2026 का शानदार उद्घाटन हुआ. मनु भाकर और पवन सहरावत ने तिरंगा थामा.

X
Ashutosh Rai

Asian Games 2026: जापान के नागोया में 20वें एशियन गेम्स की शुरुआत रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुई. मनु भाकर और पवन सहरावत ने भारतीय दल का नेतृत्व किया. पवन को आखिरी समय पर तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह ध्वजवाहक बनाया गया. समारोह के दौरान स्टेडियम में कुछ खाली सीटें भी नजर आईं.

मनु-पवन ने संभाला तिरंगा

उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और कबड्डी स्टार पवन सहरावत तिरंगा लेकर भारतीय दल के आगे चले. मनु पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी हैं, जबकि पवन 2022 एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे हैं. पवन को आखिरी समय पर तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह चुना गया, तूर को आधिकारिक किट समय पर नहीं मिल सकी. भारतीय दल में इस बार 503 खिलाड़ी शामिल हैं.

हाईटेक समारोह के बीच खाली सीटों ने खींचा ध्यान

नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में उद्घाटन समारोह में संगीत, रोशनी और जापानी संस्कृति की झलक देखने को मिली. जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों के आधिकारिक आगाज की घोषणा की. अलग-अलग देशों के दलों ने परेड में हिस्सा लिया. इसी दौरान स्टेडियम के कुछ हिस्सों में खाली सीटें भी दिखाई दीं, जिससे समारोह की तस्वीरों में यह बात साफ नजर आई. खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है.


पिछले रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन पर भारत की नजर 

भारत इस बार अपने पिछले एशियन गेम्स के प्रदर्शन को और बेहतर करने की कोशिश करेगा. हांगझोउ में भारत ने रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण शामिल थे. इस बार भी खिलाड़ियों से कई खेलों में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है. उद्घाटन से पहले ही प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी थीं. महिला क्रिकेट में भारत ने जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. वहीं टेकबॉल में क्विमसी डी’सूजा कांस्य पदक के मुकाबले में उतरेंगी.