Asian Games 2026

एशियन गेम्स में भारत का शानदार आगाज, शूटिंग में सिल्वर के बाद MMA में भी पदक पक्का

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पदक का खाता खोल दिया है. महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन, सोनम म्हास्कर और विदरशा विनोद की टीम ने सिल्वर मेडल जीता. वहीं, सुचिका तारियाल ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा MMA वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर इस खेल में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया है.

X (@gulatiLFC)
Shanu Sharma

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. भारतीय टीम में इलावेनिल वलारिवन, सोनम म्हास्कर और विदरशा विनोद शामिल थीं. 

भारत की टीम ने 1898 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि चीन ने स्वर्ण पदक जीता. वहीं जापान तीसरे स्थान पर रहा. इस प्रदर्शन के साथ शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स में भारत का पदक खाता खोला. भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जारी रहा.

इलावेनिल और सोनम ने व्यक्तिगत फाइनल में बनाई जगह

इलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाई. सोनम म्हास्कर ने भी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है. ऐसे में शूटिंग में भारत को एक और पदक की उम्मीद बनी हुई है. शूटिंग के बाद MMA से भी भारत के लिए बड़ी खबर सामने आई. सुचिका तारियाल ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बाइगाल्मा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. इस जीत के साथ सुचिका ने एशियन गेम्स में MMA में भारत का पहला पदक सुनिश्चित कर दिया.


दूसरे राउंड में मजबूत रहा सुचिका का डिफेंस

मुकाबले के दूसरे और अंतिम राउंड में बाइगाल्मा ने आक्रामक रुख अपनाकर मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश की. हालांकि, सुचिका ने लगातार दबाव के बावजूद अपना डिफेंस मजबूत रखा. एक अहम मौके पर उन्होंने पलटवार करते हुए प्रतिद्वंद्वी को जमीन पर गिराया और मुकाबले के अंत तक नियंत्रण बनाए रखा. सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ सुचिका ने भारत के लिए MMA में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर दी है. अब उनकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी.