नई दिल्ली: भारत के बाएं हाथ के कलाई के जादूगर कुलदीप यादव वर्ल्ड कप से ठीक पहले जिस तरह की लय में आ गए हैं वह टीम इंडिया के लिए बहुत ही बड़ी बात है. कलाई के स्पिनरों को वनडे प्रारूप में अक्सर एक मैच विनर के तौर पर देखा जाता रहा है लेकिन कुलदीप का ये सफर इतना आसान नहीं रहा.
वे लगातार टीम से अंदर-बाहर होते रहे और अब ऐसा लगता है जैसे उन्होंने वो स्थिरता हासिल कर ली है जिसकी उन्हें दरकार थी. कुलदीप एशिया कप में आग उगल रहे हैं. पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में 5 विकेट चटकाए और फिर श्रीलंका के चार बल्लेबाजों को आउट कर दिया.
कुलदीप के 150 वनडे विकेट पूरे
कुलदीप एशिया कप के चार मैचों में 27.3 ओवरों में 9 विकेट हासिल कर चुके हैं, जिसमें उनका औसत 11.33 का है. कुलदीप ने इसके साथ ही अपने 150 विकेट पूरे कर लिए हैं. वे 88 मैचों में ऐसा करने वाले गेंदबाज बने हैं. भारतीय गेंदबाजी में सिर्फ मोहम्मद शमी ही कुलदीप यादव से कम मैचों (80) में 150 विकेट हासिल कर पाए थे.
इस फेहरिस्त में कुलदीप ने अजीत अगरकर (97), जहीर खान (103), इरफान पठान (106) जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ा है. भारत के दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने भी 106 मैचों में ही 150 वनडे विकेट पूरे किए थे.
The moment India qualified into the Asia Cup final. 🇮🇳
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 12, 2023
- The best team. pic.twitter.com/SVdp4oUj4Q
शानदार रिकॉर्ड
वहीं, केवल स्पिनरों में सबसे तेज 150 वनडे विकेट लेने वाले फिरकी गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप चौथे नंबर पर आते हैं. सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले स्पिनर सकलैन मुश्ताक हैं जिन्होंने महज 78 मैचों में ये कारनामा करके दिखाया था. इसके बाद अफगानिस्तान के राशिद खान (80) का नंबर आता है. श्रीलंका के अजंता मेंडिस ने 84 मैचों में ऐसा किया है. दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर 89 मैचों में ऐसा कर चुके हैं.
वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए बड़ी राहत
कुलदीप ने ताजा मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 9.3 ओवर में 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. अब भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है. उसके बाद रविवार को फाइनल मैच होगा. भारत को वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेलनी है. कुल मिलाकर कुलदीप के लिए अपने जलवे बिखरने के लिए ये बढ़िया समय है.