ICC ने किया 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड्स का ऐलान, भारतीय गेंदबाज को मिला सम्मान; पाकिस्तान के इस क्रिकेटर ने भी मारी बाजी
सिडनी में खेले गए एक मुकाबले में अरुंधति रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट झटके. उनके इस प्रदर्शन ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत International Cricket Council (ICC) ने फरवरी 2026 के 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड्स की घोषणा कर दी है. इस बार महिला और पुरुष दोनों वर्गों में अलग-अलग देशों के खिलाड़ियों ने बाजी मारी है.
महिला श्रेणी में भारत की तेज गेंदबाज अरुणधति रेड्डी को यह सम्मान मिला है, जबकि पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को सम्मानित किया गया है.
अरुंधति रेड्डी को मिला सम्मान
भारतीय महिला टीम की स्टार गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने तीन मैचों की टी20 सीरीज में कुल 8 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. इस दौरान उनका औसत 10.87 रहा, जबकि इकॉनमी रेट 7.25 की थी, जो टी20 फॉर्मेट में काफी प्रभावशाली माना जाता है.
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन
सिडनी में खेले गए एक मुकाबले में रेड्डी ने खासतौर पर शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट झटके. उनके इस प्रदर्शन ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इसी निरंतरता और प्रभावी गेंदबाजी के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया.
इस अवॉर्ड के लिए श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा और पाकिस्तान की फातिमा सना भी दावेदार थी, लेकिन रेड्डी ने दोनों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया. यह उनके करियर का पहला ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है.
अवॉर्ड मिलने पर क्या बोलीं रेड्डी?
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अरुंधति रेड्डी ने कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व का पल है. उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को उसके घर में हराना आसान नहीं होता और टीम की जीत में योगदान देना उनके लिए खास अनुभव रहा. उन्होंने यह भी कहा कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और आने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप में टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी.
मेंस कैटेगरी में फरहान का दबदबा
वहीं, पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को फरवरी 2026 का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए और अपनी टीम के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेली. फरहान ने इस अवॉर्ड की रेस में इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के शैडली वैन शाल्विक को पीछे छोड़ा.
हालांकि, उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी. फिर भी फरहान की लगातार बेहतरीन बल्लेबाजी ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान का हकदार बनाया. ICC के ये अवॉर्ड्स खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं.