'अल्लाह आपके नन्हे-मुन्ने को', अरशद नदीम ने पिता बने शाहीन अफरीदी को इस अंदाज में दी बधाई
Shaheen Afridi: शाहीन शाह अफरीदी और उनकी पत्नी अंशा अफरीदी ने अपने बेटे का नाम अली यार रखा है. शाहीन फिलहाल बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बिजी हैं. उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
Shaheen Afridi: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त बांग्लादेश के खिलाफ रावलपिंडी में पहला टेस्ट खेल रही है. शनिवार को टीम के स्टार गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और उनकी पत्नी अंशा अफरीदी ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है. इस खुशी के मौके पर अफरीदी को बधाइयां मिल रही हैं. शाहीन को टीम के साथियों ने बधाई दी. अब इस लिस्ट में पाकिस्तान के लिए पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड जीत ने वाले जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम का नाम भी जुड़ गया. नदीम ने शाहीन और पूर्व पाकिस्तान कप्तान शाहिद अफरीदी के लिए एक स्पेशल पोस्ट किया है.
ओलंपिक भाला फेंक चैंपियन अरशद नदीम ने सोशल मीडिया पर शाहीन अफरीदी को पिता बनने और शाहिद अफरीदी को दादा बनने पर बधाई दी. अपनी एक्स पोस्ट में नदीम ने लिखा 'शाहीन शाह अफरीदी आपके प्यारे बेटे के जन्म पर बधाई और शाहिद अफरीदी को दादा बनने पर हार्दिक बधाई. अल्लाह आपके नन्हे-मुन्ने को सेहत और खुशियां दे. आपके परिवार को इस खूबसूरत नए अध्याय के लिए प्रार्थना और शुभकामनाएं.'
2023 में हुई थी शादी
दरअसल, शाहीन अफरीदी ने साल 2021 में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की दूसरी सबसे बड़ी बेटी अंशा से सगाई की थी. फिर दोनों का निकाह 2023 फरवरी में एक निजी समारोह में हुआ था. इस निकाह का एक हफ्ते तक जश्न मनाया गया था.