'लिख के दो कि पाकिस्तान में चैम्पियंस ट्रॉफी खेलने आएगा भारत', अफवाहों के बीच PCB ने BCCI से की अजीब डिमांड
PCB Demands BCCI: अगले साल पाकिस्तान की मेजबानी में खेले जाने वाले चैम्पियन्स ट्रॉफी से पहले कुछ खबरें सामने आई हैं जिसमें बीसीसीआई ने भारतीय टीम को पाकिस्तान दौरे पर भेजने से इंकार किया है. इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से वो सबूत मांगे हैं जिसके तहत उसकी टीम के पाकिस्तान ट्रैवल करने पर बैन लगा हुआ है. इस बीच खबरें ये भी आ रही हैं कि आईसीसी इस टूर्नामेंट के लिए संभावित 'हाइब्रिड मॉडल' स्प्लिट इवेंट की तैयारी कर रहा है. कार्यक्रम में 1 मार्च को भारत बनाम पाकिस्तान मैच शामिल है.
PCB Demands BCCI: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के बीच अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर खींचतान चल रही है. पाकिस्तान मेजबानी कर रहा है, लेकिन भारतीय टीम सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इनकार कर सकती है.
अगर BCCI ने किया इंकार तो सबूत दे भारत सरकार!
इस स्थिति को देखते हुए PCB ने BCCI से ठोस सबूत मांगे हैं. PCB चाहता है कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं आती है, तो भारत सरकार ने उन्हें जाने की अनुमति नहीं दी है, इस बात के लिखित दस्तावेज BCCI पेश करे. वहीं, PCB इस बात पर भी जोर दे रहा है कि चैंपियंस ट्रॉफी फरवरी-मार्च में होने वाली है, इसलिए इस मसले का जल्द समाधान निकाला जाए.
टूर्नामेंट से 6 महीने पहले चाहिए जवाब
गौरतलब है कि 19 जुलाई को कोलंबो में होने वाले ICC के वार्षिक सम्मेलन में "हाइब्रिड मॉडल" पर कोई चर्चा नहीं होने वाली है. इस मॉडल में भारत अपने मैच यूएई में खेलता. हालांकि, अतीत में ऐसे ही हालात से निपटने के लिए ICC ने हमेशा की तरह अतिरिक्त धन अलग रखा है.
पीसीबी के एक सूत्र ने PTI को बताया कि अगर भारत सरकार अनुमति देने से इनकार करती है, तो उन्हें लिखित में मना करना होगा. साथ ही यह अनिवार्य है कि BCCI उस पत्र को ICC को जल्द से जल्द उपलब्ध कराए. सूत्र ने आगे कहा कि PCB इस बात पर अडिग है कि BCCI को टूर्नामेंट से कम से कम 5-6 महीने पहले लिखित में ICC को पाकिस्तान जाने की अपनी यात्रा योजना के बारे में सूचित करना चाहिए.
वनडे एशिया कप में भी लागू हुआ था हाइब्रिड मॉडल
पिछले साल PCB द्वारा आयोजित 2023 वनडे एशिया कप में भी यही विवाद सामने आया था. उस वक्त भारत ने "हाइब्रिड मॉडल" का इस्तेमाल करते हुए श्रीलंका में अपने सभी मैच खेले थे. तब भी BCCI ने यही कहा था कि पाकिस्तान में क्रिकेट खेलना सिर्फ सरकार का फैसला है.
लाहौर में संभावित सेमीफाइनल और फाइनल के साथ, पीसीबी पहले ही आईसीसी को अपना ड्राफ्ट शेड्यूल भेज चुका है, जिसमें भारत के सभी मैच शामिल हैं. बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मैच 1 मार्च को होना तय है. टूर्नामेंट 19 फरवरी को कराची में शुरू होगा और फाइनल के साथ 9 मार्च को लाहौर में खत्म होगा. खराब मौसम की स्थिति में, फाइनल मैच के लिए 10 मार्च रिजर्व डे के रूप में काम करेगा. रावलपिंडी में भी कुछ मैच होंगे.
बीसीसीआई ने फिलहाल नहीं लिया है कोई फैसला
BCCI सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल पाकिस्तान जाने की कोई संभावना नहीं है. उनका कहना है कि ICC ने किसी भी तरह की आकस्मिक योजना के लिए अतिरिक्त धन अलग रखा है. सूत्र ने पुष्टि की कि अगर ऐसी स्थिति बनती है जहां पाकिस्तान के बाहर कुछ मैच खेलना जरूरी हो जाता है, तो ICC प्रबंधन अतिरिक्त लागत की सिफारिश कर रहा है.