Ab de Villiers: मुंबई में क्रिकेट के दीवानों के लिए एक खास पल तब आया जब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के साथ मैदान पर उतरकर सभी का दिल जीत लिया. मिस्टर 360 के नाम से मशहूर इस खिलाड़ी ने न सिर्फ व्हीलचेयर पर बल्लेबाजी की, बल्कि अपनी मौजूदगी से खिलाड़ियों और दर्शकों में जोश भी भरा.
मुंबई के इस्लाम जिमखाना, मरीन लाइन्स में आयोजित एक अभ्यास सत्र में एबी डी विलियर्स ने व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के साथ समय बिताया. उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर कुछ शानदार शॉट्स खेले और विकेटों के बीच व्हीलचेयर से दौड़ भी लगाई. उनके इस खेल भावना भरे कदम ने सभी को प्रेरित किया. दर्शकों ने इस खास मौके को अपने कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं.
एबी डी विलियर्स इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 को करीब से फॉलो कर रहे हैं. उनकी पसंदीदा टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है. इस जीत पर एबी ने खुशी जताई और अपने पुराने साथी विराट कोहली की जमकर तारीफ की.
VIDEO | Mumbai: Former South African cricketer AB de Villiers (@ABdeVilliers17) plays with Mumbai Wheelchair Cricket Team during practice session at Islam Gymkhana, Marin Lines.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 31, 2025
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvqRQz)#Mumbai pic.twitter.com/XdWm0x0vDJ
एबी ने कहा, "विराट कोहली में अभी भी वही जोश और जुनून दिखता है. उनकी उम्र भले ही 30 के पार हो, लेकिन उनकी ऊर्जा और जीत की भूख कमाल की है. मुझे उनके इस जज्बे की बहुत इज्जत है." उन्होंने यह भी कहा कि भले ही विराट ने पंजाब के खिलाफ 12 रन बनाए हों, लेकिन फाइनल में वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे.
एबी ने यह भी बताया कि जब उन्होंने विराट को बस से उतरते देखा, तो उनकी आंखों में वही दृढ़ निश्चय और फोकस दिखा, जो टीम के लिए प्रेरणा का काम करता है. "विराट का यह जुनून पूरी टीम को प्रभावित करता है. चाहे उन्होंने आज रन बनाए हों या नहीं, फाइनल में वह अपना दम दिखाएंगे," एबी ने आत्मविश्वास के साथ कहा.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अब 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल खेलेगी, जहां उनका सामना पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच क्वालिफायर 2 के विजेता से होगा.