'500 मिस्ड कॉल और 4 दिन फोन बंद', IPL में शतक ठोककर इतिहास रचने वाले वैभव सूर्यवंशी ने कैसे बनाई सोशल मीडिया से दूरी

Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2025 में शतकीय पारी खेलने के बाद 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपना मोबाईल फोन बंद कर दिया था. इसके बाद उनके मोबाइल पर 500 मिस्ड कॉल आए थे.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल के 18वें सीजन में भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा मिला है और वो14 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं. राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन भले ही निराशाजनक रहा, लेकिन वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा. सात मैचों में 252 रन, एक शानदार शतक और कई आक्रामक पारियों के साथ उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. लेकिन इस उम्र में अचानक मिली शोहरत को संभालना उनके लिए आसान नहीं रहा. आइए, जानते हैं कि कैसे वैभव ने सोशल मीडिया और भीड़भाड़ से दूरी बनाकर अपने खेल पर ध्यान केंद्रित किया.

वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने पहले आईपीएल शतक के साथ तहलका मचा दिया. इस पारी ने न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों को चौंकाया, बल्कि उन्हें रातोंरात चर्चा का केंद्र बना दिया. लेकिन इस शोहरत के साथ आई चुनौतियां भी कम नहीं थीं. राजस्थान रॉयल्स के कोच राहुल द्रविड़ के साथ बातचीत में वैभव ने खुलासा किया कि शतक के बाद उनके फोन पर 500 से ज्यादा मिस्ड कॉल आए. इतना ही नहीं, कई लोग उनसे मिलने और बात करने के लिए उत्सुक थे. 

वैभव सूर्यवंशी ने किया बड़ा खुलासा

वैभव ने बताया, "शतक के बाद बहुत सारे लोग मुझसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मुझे इतनी भीड़ पसंद नहीं. मैंने अपना फोन 2-4 दिन के लिए बंद कर दिया. मुझे सिर्फ अपने परिवार और कुछ करीबी दोस्तों का साथ चाहिए."

सोशल मीडिया से दूरी की वजह

14 साल की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना कोई छोटी बात नहीं. लेकिन वैभव ने इस शोहरत को अपने सिर पर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने सोशल मीडिया और अनावश्यक ध्यान से दूरी बनाकर अपने खेल पर फोकस रखा. बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने दिखाया कि उम्र भले ही कम हो, लेकिन उनकी सोच और परिपक्वता कहीं ज्यादा है. 

वैभव का कहना है कि वह भीड़ और शोर-शराबे से बचना चाहते हैं. उनके लिए क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण है, और वह उसी पर ध्यान देना चाहते हैं. फोन बंद करना और सोशल मीडिया से दूरी बनाना उनका तरीका था खुद को शांत रखने और अपने लक्ष्यों पर केंद्रित रहने का.