मुझसे हो गई बड़ी गलती...', नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े चलाई थी गोली, थाने पहुंच कर जुर्म कबूला
बस्ती जिले में नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े अफरा-तफरी मच गई. एक बुलेट सवार युवक ने चलती बस पर फायरिंग कर दी. युवक ने गुरुवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपी ने थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है.
बस्तीः बस्ती जिले में नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े अफरा-तफरी मच गई. एक बुलेट सवार युवक ने चलती बस पर फायरिंग कर दी. उसने यह कदम सिर्फ इसलिए उठाया, क्योंकि बस चालक ने उसे ओवरटेक करने के लिए साइड नहीं दी. उसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी. इस दहशत भरे मंजर का बस में बैठे यात्री ने वीडियो बना लिया. यात्रियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने साथी के साथ बुलेट से फरार हो गया था
वीडियो में देखा जा सकता है कि गोली बस के गेट पर लगे शीशे में जा लगी. अब युवक ने गुरुवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपी ने थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है.
मृतक का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे अयोध्या
इस पूरी घटना का वीडियो यात्रियों ने बना लिया जो अब वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब अयोध्या हाईवे पर छावनी थाना क्षेत्र के घघौव इलाके में तीन बजे की है. जानकारी के मुताबिक लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड गांव निवासी परशुराम उपाध्याय की मौत हो गई थी, उनके संबंधी अंतिम संस्कार के लिए शव को बस से अयोध्या ले जा रहे थे.
साइड नहीं मिलने पर हुआ नाराज
बस जैसे ही छावनी और विक्रमजोत के बीच निर्माणाधीन रिंग रोड के पास पहुंची, तभी बुलेट पर सवार दो युवकों ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की. हाईवे पर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण बस चालक ने पास नहीं दिया. इसी बात से नाराज होकर बुलेट सवार युवक नाराज हो गये. बस के ड्राइवर आनंद के मुताबिक, युवक ने पहले बस के गेट के पास बुलेट लगाकर उसे रुकवाने की कोशिश की, लेकिन गेट के पास खड़े यात्रियों ने बस रोकने से मना कर दिया. इसके बाद युवक बस के साथ पैदल चलते हुए बहस करता रहा.
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि परशुरामपुर थाना क्षेत्र के पड़रीबाबू निवासी शिवम सिंह ने आत्मसमर्पण किया. बुधवार को छावनी थाना क्षेत्र के घघौव इलाके में बस को साइड न मिलने पर वह गुस्से में आ गया और उसने फायरिंग कर दी थी. घटना के बाद से वह फरार था.