इंडियन प्रीमियर लीग के तीसरे मुकाबले में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा महातूफान लाया है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज गेंदबाज तिनके की तरह उड़ गए. 128 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए इस युवा ओपनर ने महज 15 गेंदों में अपना तूफानी अर्धशतक पूरा कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है.
अपनी इस ऐतिहासिक और आक्रामक पारी में वैभव ने सिर्फ 17 गेंदों का सामना किया और 300 से भी ज्यादा की खूंखार स्ट्राइक रेट से 52 रन ठोक डाले. इस दौरान उनके बल्ले से 5 गगनचुंबी छक्के और 4 करारे चौके निकले. वैभव के सामने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और अफगानिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर नूर अहमद जैसे अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और उन्होंने दोनों की जमकर धुनाई की. हालांकि, एक और बड़ा छक्का मारने के प्रयास में वह बाउंड्री लाइन पर कैच आउट हो गए, लेकिन आउट होने से पहले वह चेन्नई से मैच पूरी तरह छीन चुके थे.
महज 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने सुनील नरेन और यूसुफ पठान जैसे दिग्गजों के क्लब में एंट्री मार ली है.
13 गेंद: यशस्वी जायसवाल (RR vs DC, 2023)
14 गेंद: केएल राहुल (PBKS vs DC, 2018), पैट कमिंस (KKR vs MI, 2022), रोमारियो शेफर्ड (RCB vs MI, 2024)
15 गेंद: वैभव सूर्यवंशी (RR vs CSK, 2026), सुनील नरेन (KKR vs RCB, 2017), यूसुफ पठान (RR vs SRH, 2014)
यह पहली बार नहीं है जब बिहार के इस युवा सितारे ने दुनिया को चौंकाया हो. पिछले सीजन में महज 14 साल की उम्र में वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रच दिया था. इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए थे। उस पारी में उन्होंने 7 छक्के और 9 चौके जड़े थे.