'बुमराह की पहली गेंद पर छक्का...': 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया दम; यशस्वी ने दिया मंत्र
गुवाहाटी में बुमराह के ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने दो छक्के मारकर सबको चौंका दिया. इसके बाद क्रिकेट जगत में इसकी खूब चर्चा हो रही है.
RR VS MI: आईपीएल 2026 का एक मुकाबला भले ही बारिश से प्रभावित रहा, लेकिन उसने क्रिकेट फैंस को वो पल दिया जिसे वे लंबे समय तक नहीं भूलेंगे. 6 अप्रैल को बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रन से हराया. इस जीत के हीरो रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल.
बुमराह की पहली गेंद पर छक्का
वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उनकी पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सबको चौंका दिया. इतना ही नहीं, उसी ओवर में उन्होंने एक और छक्का लगाया. इस शॉट के बाद बुमराह भी मुस्कुराते नजर आए. वैभव ने महज 14 गेंदों में 5 छक्के और 1 चौके की मदद से 39 रन की तूफानी पारी खेली.
जायसवाल ने दिया मंत्र
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बने यशस्वी जायसवाल ने खुलासा किया कि उन्होंने वैभव से क्या कहा. जायसवाल ने बताया, *"पहली गेंद पर उसने छक्का मारा, तो मैंने उससे कहा कि 'अपने शॉट्स मारते रहो'."* उन्होंने आगे कहा, "बुमराह भाई जैसे दिग्गज गेंदबाज के खिलाफ रन बनाना शानदार होता है. जब उसने ऐसा किया तो हमें लगा कि बाकी गेंदबाजों पर भी हम दबाव बना सकते हैं."
5 ओवर में 80 रन
11-11 ओवर के इस मैच में RR के ओपनर्स ने शुरुआत से ही तूफान मचा दिया. दोनों ने सिर्फ 5 ओवर में 80 रन जोड़ डाले. जायसवाल ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. इस तूफानी शुरुआत की बदौलत RR ने 11 ओवर में 150/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके आगे MI की टीम ने दम तोड़ दिया.
'वैभव के साथ बल्लेबाजी करना शानदार'
जायसवाल ने अपनी युवा साथी के साथ तालमेल पर बात करते हुए कहा, "वैभव के साथ बल्लेबाजी करना शानदार है. हम दोनों अपने शॉट्स खेलना पसंद करते हैं और एक-दूसरे को पॉजिटिव मैसेज देते रहते हैं." उन्होंने माना कि सूर्यवंशी की आक्रामकता ने उनपर से दबाव कम कर दिया, जिससे वे दूसरे गेंदबाजों को खुलकर निशाना बना सके.
RR की लगातार तीसरी जीत
इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली. 15 साल का एक लड़का जहां दिग्गज बुमराह को पहली गेंद पर छक्का जड़ रहा था. वहीं यशस्वी उसे मारते रहो का मंत्र दे रहा था. यह पार्टनरशिप आईपीएल 2026 के सबसे यादगार लम्हों में दर्ज हो गई.