वैभव सूर्यवंशी भी रह गए पीछे! 11 साल के युकी कुरीहारा ने बड़े-बड़े खिलाड़ियों को हराकर एशियन गेम्स में जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में जापान के 11 साल के युकी कुरीहारा ने ई-स्पोर्ट्स में पुयो पुयो चैंपियंस का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह वैभव सूर्यवंशी से चार साल छोटे हैं.
भारत के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी एशियन गेम्स में सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी हैं लेकिन जापान के युकी कुरीहारा उनसे भी छोटे हैं. सिर्फ 11 साल की उम्र में युकी ने बड़े खिलाड़ियों को हराकर पुयो पुयो चैंपियंस में गोल्ड जीता और जापान के सबसे कम उम्र के एथलीट बने.
11 साल की उम्र में जीता एशियन गेम्स गोल्ड
युकी कुरीहारा अभी प्राइमरी स्कूल में पढ़ते हैं. उन्होंने पुयो पुयो चैंपियंस के सेमीफाइनल में 28 साल के थाई खिलाड़ी तनारक वोंगकितकुन को 10-1 से हराया. इसके बाद फाइनल में दक्षिण कोरिया के 24 साल के कांग डोंगशिन से मुकाबला हुआ. शुरुआत में युकी 0-1 से पीछे थे लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए फाइनल 10-2 से जीत लिया.
चेहरे पर नहीं दिखी गोल्ड जीतने की खुशी
गोल्ड जीतने के बाद भी युकी के चेहरे पर ज्यादा भाव नहीं दिखे. उन्होंने बताया कि उन्हें थोड़ी शर्मिंदगी महसूस हो रही थी, इसलिए वह अपनी खुशी चेहरे पर ठीक से नहीं दिखा पाए. पोडियम पर उन्होंने झुककर अभिवादन किया और एरीना की ओर हाथ हिलाया. युकी ने कहा कि गोल्ड मेडल उन्हें बहुत सुंदर, चमकदार और भारी लगा.
Also Read
- Asian Games 2026: कबड्डी में भारत का डबल धमाका, पदकों से चमका देश का मान; झोली में आए इतने मेडल
- Vinod Kambli Video: वृद्धाश्रम में दिखे सचिन तेंदुलकर के दोस्त विनोद कांबली, बोले- ‘घर से दूर होने जैसा महसूस नहीं हो रहा’
- Asian Games 2026: तेजिंदरपाल तूर की गोल्ड हैट्रिक का सपना टूटा, शॉट पुट में सिल्वर से करना पड़ा संतोष
बचपन से खेल रहे हैं पुयो पुयो
युकी ने प्राथमिक स्कूल के पहले साल में पुयो पुयो खेलना शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने कई टूर्नामेंट खेले और जीत भी हासिल की. इसी साल अप्रैल में उन्हें प्रो लाइसेंस मिला. इसके बाद वह लगातार बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबले करते रहे हैं. पुयो पुयो एक पजल गेम है, जिसमें रंगीन आकृतियों को मिलाकर स्क्रीन साफ करनी होती है.