FIFA World Cup 2026

नीरज चोपड़ा के 10 साल बाद फिर चमका भारत का जैवलिन, आशीष यादव ने U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

आशीष यादव ने 2026 वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप के पुरुष जैवलिन थ्रो में 74.09 मीटर के साथ सिल्वर मेडल जीता. वह नीरज चोपड़ा के बाद इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष बने.

X
Ashutosh Rai

भारतीय जैवलिन थ्रो के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है. 19 साल के आशीष यादव ने ओरेगन में आयोजित वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया. 10 साल पहले नीरज चोपड़ा ने इसी प्रतियोगिता में भारत को गोल्ड दिलाया था.

आशीष की वापसी ने दिलाया सिल्वर

आशीष यादव के लिए फाइनल की शुरुआत बिल्कुल आसान नहीं रही. उन्होंने पहले प्रयास में 69.96 मीटर का थ्रो किया. वहीं दूसरे प्रयास में उनका थ्रो फाउल हो गया. ऐसे में प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में ही उन पर दबाव बढ़ गया था लेकिन उन्होंने तीसरे प्रयास में शानदार वापसी की और 74.09 मीटर का थ्रो करते हुए सीधे दूसरे स्थान पर पहुंच गए. इसके बाद उनके अगले तीन प्रयास 72.31 मीटर, 70.62 मीटर और 67.98 मीटर रहे. हालांकि वह अपने 74.49 मीटर के पर्सनल और सीजन बेस्ट प्रदर्शन को पार नहीं कर सके लेकिन फाइनल में 74.09 मीटर उनके लिए सिल्वर मेडल जीतने के लिए पर्याप्त साबित हुआ. साउथ अफ्रीका के जान-हेंड्रिक हेमैन्स ने 80.50 मीटर के शानदार थ्रो के साथ गोल्ड जीता. वहीं डोमिनिका के एडिसन जेम्स ने 73.89 मीटर के प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.