Brothers Day 2026: 24 मई को क्यों मनाया जाता है ब्रदर्स डे? जानें महत्व और इसके पीछे का इतिहास
ब्रदर्स डे 2026 इस साल 24 मई, रविवार को मनाया जाएगा. यह दिन भाइयों के प्यार, दोस्ती और समर्थन को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है. चलिए जानते हैं कब और कैसे हुई इसकी शुरूआत.
नई दिल्ली: ब्रदर्स डे हर साल भाइयों के प्यार, दोस्ती और मजबूत रिश्ते को समर्पित एक खास दिन के रूप में मनाया जाता है. इस साल ब्रदर्स डे 24 मई रविवार को मनाया जाएगा. यह दिन उन भाइयों के लिए समर्पित है जो जीवन के हर मोड़ पर साथ खड़े रहते हैं, चाहे वह बचपन की शरारतें हों या मुश्किल समय में दिया गया सहारा.
ब्रदर्स डे किसी तय समय पर नहीं मनाया जाता, इसलिए लोग पूरे दिन अपने-अपने तरीके से इसे सेलिब्रेट करते हैं. सोशल मीडिया के दौर में इस दिन की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और अब भारत समेत कई देशों में लोग अपने भाइयों के लिए खास संदेश, तस्वीरें और यादें साझा करते हैं.
कब से हुई ब्रदर्स डे की शुरुआत?
रिपोर्ट्स के अनुसार ब्रदर्स डे की शुरुआत साल 2005 में अलबामा के सी. डेनियल रोड्स ने की थी. इसकी शुरूआत अमेरिका से मानी जाती है. धीरे-धीरे यह दिन सोशल मीडिया के जरिए दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया.
भारत में पहले से ही भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन और भाई दूज जैसे त्योहार मनाए जाते हैं लेकिन ब्रदर्स डे एक आधुनिक अवसर बन गया है, जिसमें खास तौर पर भाइयों के रिश्ते को सेलिब्रेट किया जाता है.
क्या है इस दिन का महत्व?
इस दिन का महत्व केवल उपहार देने तक सीमित नहीं है. यह दिन परिवार के रिश्तों को मजबूत करने, भाइयों के प्रति आभार व्यक्त करने और पुराने रिश्तों को फिर से करीब लाने का मौका देता है. कई लोगों के लिए भाई सिर्फ परिवार का सदस्य नहीं बल्कि सबसे अच्छा दोस्त और भावनात्मक सहारा भी होता है.
भारत में पिछले कुछ वर्षों में ब्रदर्स डे की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है. खासकर युवा पीढ़ी सोशल मीडिया पोस्ट, डिजिटल कार्ड, वीडियो मैसेज और फैमिली सेलिब्रेशन के जरिए इस दिन को खास बनाती है. लोग अपने भाइयों के साथ समय बिताते हैं, उन्हें गिफ्ट देते हैं और बचपन की यादों को फिर से ताजा करते हैं.
कैसे करते हैं लोग सेलिब्रेट?
ब्रदर्स डे पर लोग अपने भाई के लिए खास संदेश भी शेयर करते हैं. कई परिवार इस दिन साथ में खाना खाते हैं, घूमने जाते हैं या पुराने फोटो देखकर यादें ताजा करते हैं. यह दिन रिश्तों में प्यार और अपनापन बढ़ाने का एक खूबसूरत अवसर माना जाता है.
भाइयों का रिश्ता जीवनभर साथ निभाने वाला रिश्ता माना जाता है. यही वजह है कि ब्रदर्स डे अब दुनियाभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और लोग इसे पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं.