स्लिम होना अब हुआ सस्ता, भारत में मोटापे और टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों को लिए वर्दान साबित होगी ये दवा

अब वजन घटाने के लिए भारत में आपको अपनी जेब नहीं तोड़नी पड़ेगी. सस्तें में मिलेगी वेट-लॉस की दवा...

AI
Ashutosh Rai

Health Desk: भारत के हर घर में एक व्यक्ति को डायबिटीज या मोटापे की दिक्कत जरूर है. इससे लाखों भारतीय प्रतिदिन जूझ रहे हैं. अब उन सभी लोगों के लिए एक राहत की खबर सामने आई है. दुनियाभर में वेट-लॉस के लिए मशहूर और असरदार दवा सेमाग्लूटाइड अब भारत में आम आदमी के बजट में आ गई है. 20 मार्च को इस अहम मॉलिक्यूल का पेटेंट खत्म हो गया है, जिसके बाद भारतीय फार्मा कंपनियों ने इसके जेनेरिक और सस्ते वर्जन बाजार में उतारने शुरू कर दिए हैं. भारत का GLP-1 बाजार जल्द ही 1 अरब डॉलर का आंकड़ा छू सकता है. डॉ. रेड्डीज जैसी कंपनियां अब इस दवा को कनाडा सहित वैश्विक बाजारों में निर्यात करने की भी तैयारी कर रही है.

कीमतों में भारी कटौती

अब तक इस दवा के विदेशी और ब्रांडेड वर्जन जैसे Ozempic या Wegovy पर एकाधिकार था, जिसके लिए मरीजों को हर महीने लगभग 11,000 रुपए खर्च करने पड़ते थे. अब भारतीय कंपनियों की एंट्री से गेम पूरी तरह बदल गया है. दिग्गज फार्मा कंपनी जायडस लाइफसाइंसेज ने सेमाग्लूटाइड का एक रीयूजेबल इंजेक्शन पेन बाजार में लॉन्च कर दिया है. इसके एक महीने के इलाज का खर्च अब गिरकर मात्र 2,200 रुपए के आसपास आ गया है. इसके अलावा सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज, ल्यूपिन और मैनकाइंड जैसी 40 से ज्यादा कंपनियां जल्द ही इस रेस में उतरने वाली हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि तगड़े कॉम्पिटिशन के चलते भविष्य में यह कीमत 1,500 रुपए से 2,500 रुपए के बीच आ सकती है.

डिमांड में दवा

सेमाग्लूटाइड असल में शरीर के अंदर GLP-1 नाम के हार्मोन की नकल करती है. इसके कई बड़े फायदे हैं:

  • यह शरीर में इंसुलिन के स्तर को सुधारती है.
  • पेट के खाली होने की प्रक्रिया को धीमा करती है, जिससे भूख कम लगती है.
  • क्लिनिकल ट्रायल्स के मुताबिक, इससे शरीर का 10 से 15% तक वजन कम हो सकता है.
  • SUSTAIN-6 स्टडी में यह भी साबित हुआ है कि यह दवा हार्ट अटैक के खतरे को 26% और स्ट्रोक के जोखिम को 39% तक कम करती है.

डॉक्टरों की सख्त चेतावनी

दवा के सस्ते होने से इसकी पहुंच उन मरीजों तक आसान होगी जो पहले इसका खर्च नहीं उठा सकते थे, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसके दुरुपयोग को लेकर गहरी चिंता जताई है. चूंकि यह दवा वजन तेजी से घटाती है, इसलिए लोग इसका इस्तेमाल सिर्फ कॉस्मेटिक वेट लॉस के लिए कर सकते हैं. डॉक्टरों ने साफ चेतावनी दी है कि यह एक प्रिस्क्रिप्शन ड्रग है, जिसे बिना मेडिकल सुपरविजन और डाइट प्लान के बिल्कुल नहीं लेना चाहिए. इसके मनमाने इस्तेमाल से जी मिचलाना, पैन्क्रियाज में सूजन, पित्ताशय और किडनी की गंभीर बीमारियां जैसी जानलेवा समस्याएं हो सकती हैं.