Sawan 2026

रक्षाबंधन पर कम बजट में बहन को दें ऐसा गिफ्ट, जिसे देखकर खिल उठेगा चेहरा

रक्षाबंधन पर बहन को महंगे गिफ्ट देने की जरूरत नहीं है. दिल्ली एनसीआर के बाजारों में 20 रुपये से लेकर 500 रुपये या उससे अधिक के बजट में कई विकल्प उपलब्ध हैं.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: रक्षाबंधन पर भाइयों के सामने अक्सर यह सवाल रहता है कि बहन को पैसे देने के अलावा ऐसा क्या गिफ्ट दिया जाए, जो उसे पसंद भी आए और बजट में भी हो. अगर आप भी इस रक्षाबंधन अपनी बहन के लिए कुछ खास और उपयोगी खरीदना चाहते हैं, तो दिल्ली एनसीआर के इन बाजारों से शानदार गिफ्ट ले सकते हैं.

स्पेशल चॉकलेट से बनाएं दिन खास

रक्षाबंधन पर चॉकलेट बहनों के लिए पसंदीदा गिफ्ट में शामिल है. दिल्ली एनसीआर के बाजारों में अरेबियन, स्पेनिश और स्कॉटलैंड जैसी कई तरह की चॉकलेट उपलब्ध हैं. इनकी खूबसूरत गिफ्ट पैकेजिंग इन्हें और खास बना देती है. इनकी कीमत करीब 250 रुपये से शुरू होती है. लाजपत नगर, करोल बाग और बड़ी बेकरी से इन्हें खरीदा जा सकता है.

स्टाइलिश बैग या पर्स भी अच्छा विकल्प

अगर आप उपयोगी गिफ्ट देना चाहते हैं, तो सदर बाजार से बैग या पर्स खरीद सकते हैं. यहां अलग अलग डिजाइन और स्टाइल के बैग उपलब्ध हैं. इनकी कीमत करीब 200 से 500 रुपये के बीच है. बजट के हिसाब से यह एक अच्छा और उपयोगी उपहार हो सकता है.


आर्टिफिशियल ज्वेलरी से करें सरप्राइज

सोने और चांदी की कीमत ज्यादा होने के कारण आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी शानदार विकल्प है. जनपथ मार्केट में अलग अलग डिजाइन की ज्वेलरी मिलती है. यहां करीब 20 से 200 रुपये के बजट में भी खूबसूरत ज्वेलरी खरीदी जा सकती है. बहन की पसंद के अनुसार नेकलेस, ईयररिंग या ब्रेसलेट लिया जा सकता है.

सिल्क या बनारसी साड़ी करें गिफ्ट

अगर आपकी बहन को पारंपरिक कपड़े पसंद हैं, तो साड़ी भी अच्छा विकल्प है. सरोजिनी नगर, करोल बाग, सीलमपुर और चांदनी चौक जैसे बाजारों में साड़ियों की कई वैराइटी मिलती हैं. इन दिनों सिल्क और बनारसी साड़ियों की मांग भी काफी है. इनकी शुरुआती कीमत करीब 500 रुपये से हो सकती है.

जूते या सैंडल भी रहेगा यादगार

फुटवियर भी रक्षाबंधन के लिए अच्छा गिफ्ट हो सकता है. कनॉट प्लेस में अलग अलग बजट और डिजाइन के जूते और सैंडल मिल जाते हैं. आप अपनी बहन की पसंद और जरूरत के हिसाब से कोई स्टाइलिश फुटवियर चुन सकते हैं.

इसके अलावा चांदनी चौक, सरोजिनी नगर, करोल बाग, उत्तम नगर, लाजपत नगर और जनपथ से ड्रेस, सूट, साड़ी या लहंगा भी खरीदा जा सकता है. बहन की पसंद को ध्यान में रखकर चुना गया कोई भी गिफ्ट इस रक्षाबंधन को खास बना सकता है.