मानसून में लेडी लव के साथ रोमांटिक ट्रिप का प्लान? इन 4 खूबसूरत जगहों को जरूर करें बकेट लिस्ट में शामिल
मानसून में पहाड़ों पर भूस्खलन और खराब रास्तों का डर अक्सर यात्रियों को रोक देता है. लेकिन भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं जहां आप सुरक्षित तरीके से मानसून का आनंद ले सकते हैं.
Monsoon Travel India: मानसून दरवाजे पर है. आप में से कई लोग ऐसे होंगे जो अपने पार्टनर के साथ किसी रोमांटिक ट्रिप पर जानें की प्लानिंग कर रहे होंगे. हो भी क्यों न ये मौसम ही ऐसा है. मानसून आते ही हरियाली और ठंडी हवाएं लोगों को घूमने के लिए आकर्षित करती हैं, लेकिन पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और फिसलन भरे रास्तों का डर भी साथ आता है. यही वजह है कि कई लोग इस मौसम में ट्रैवल प्लान टाल देते हैं. हालांकि भारत में कुछ ऐसी जगहें भी हैं जहां मानसून का पूरा आनंद बिना किसी बड़े जोखिम के लिया जा सकता है और प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव किया जा सकता है.
अगर आप भी इस सुहाने मौसम में कहीं सुरक्षित और खूबसूरत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए कुछ बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं. ये जगहें न केवल मानसून में और ज्यादा आकर्षक हो जाती हैं, बल्कि यहां की सड़कें और सुविधाएं भी यात्रा को आसान बनाती हैं. हरियाली से भरे नजारे, झरनों की आवाज और ठंडी हवा इस यात्रा को यादगार बना देती है और मन को सुकून देती है.
लोनावाला की हरियाली में सुकून
महाराष्ट्र का लोनावाला मानसून में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता. मुंबई और पुणे के करीब होने के कारण यह एक लोकप्रिय वीकेंड डेस्टिनेशन भी है. बारिश के मौसम में यहां की हरियाली और झरने अपनी पूरी खूबसूरती में दिखाई देते हैं. बुशी डैम, टाइगर पॉइंट और लोनावाला लेक जैसे स्थान इस मौसम में और आकर्षक हो जाते हैं. अच्छी सड़कें होने के कारण यहां यात्रा भी सुरक्षित मानी जाती है.
उदयपुर की झीलों का जादू
राजस्थान का उदयपुर मानसून में और भी शाही और खूबसूरत हो जाता है. झीलों का यह शहर बारिश के बाद पूरी तरह जीवंत दिखाई देता है. पिछोला झील में बोटिंग का अनुभव और सिटी पैलेस की भव्यता इस मौसम में और निखर जाती है. यहां पहाड़ी रास्तों का जोखिम नहीं है, इसलिए यह परिवार के साथ घूमने के लिए एक सुरक्षित और आरामदायक विकल्प माना जाता है.
कूर्ग की प्राकृतिक शांति
कर्नाटक का कूर्ग, जिसे दक्षिण भारत का स्कॉटलैंड कहा जाता है, मानसून में हरियाली से भर जाता है. कॉफी के बागानों की खुशबू और घने जंगलों का दृश्य यहां की खासियत है. अब्बे फॉल्स, राजा की सीट और नामद्रोलिंग मठ जैसे स्थान पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. अच्छी सड़कें और कम जोखिम इसे मानसून ट्रैवल के लिए सुरक्षित बनाते हैं और प्रकृति प्रेमियों को खास अनुभव देते हैं.
मुन्नार की धुंध भरी खूबसूरती
केरल का मुन्नार मानसून में बादलों और हरियाली से ढक जाता है, जो किसी जादुई दुनिया जैसा अनुभव देता है. चाय के बागानों के बीच बहती ठंडी हवा और झरनों की आवाज यहां का माहौल बेहद खास बना देती है. एराविकुलम नेशनल पार्क और मट्टुपेट्टी डैम जैसी जगहें इस मौसम में और आकर्षक हो जाती हैं. यहां भी सड़कें बेहतर हैं और यात्रा अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती है.
मानसून ट्रैवल का सुरक्षित अनुभव
मानसून में घूमने का असली मजा तभी आता है जब जगह सुरक्षित और सुविधाजनक हो. लोनावाला, उदयपुर, कूर्ग और मुन्नार जैसी जगहें इस लिहाज से बेहतरीन विकल्प हैं. यहां प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ सुरक्षित यात्रा का अनुभव भी मिलता है. यही कारण है कि ये लोकेशन्स मानसून में ट्रैवल प्रेमियों की पहली पसंद बनती जा रही हैं.