menu-icon
India Daily

राजस्थान में महिलाओं के लिए घर बैठे रोजगार का नया सुनहरा मौका, मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम योजना में 3670 से ज्यादा पद

राजस्थान सरकार की महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम योजना के तहत 3670 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. यह योजना घरेलू जिम्मेदारियों वाली महिलाओं को घर से ही कमाई का अवसर देती है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
राजस्थान में महिलाओं के लिए घर बैठे रोजगार का नया सुनहरा मौका, मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम योजना में 3670 से ज्यादा पद

राजस्थान की महिलाएं अब घर बैठे आत्मनिर्भर बन सकती हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने 'मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम - जॉब वर्क योजना' को मजबूत किया है. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही इस योजना में वर्तमान में 3670 से अधिक पद खाली हैं. मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को रोजगार देना है जो बच्चे, घरेलू काम या अन्य वजहों से बाहर नहीं जा सकतीं. निजी संगठनों में घर से काम के ये अवसर सिलाई, टाइपिंग, टेलीकॉलिंग, डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में हैं. यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है.

आवेदन के लिए पात्रता और प्राथमिकता

इस योजना में आवेदन करने वाली महिला राजस्थान की मूल निवासी होनी चाहिए. न्यूनतम उम्र 18 वर्ष है, जबकि ऊपरी आयु सीमा नहीं रखी गई है. सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में अवसर मिलेंगे. खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर, शिक्षित, तलाकशुदा, दिव्यांग, घरेलू हिंसा से प्रभावित और परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है. 8वीं पास से लेकर ग्रेजुएट तक की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं. योजना का फोकस महिलाओं को प्रशिक्षण और काम दोनों उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्थायी रूप से आत्मनिर्भर बन सकें.

किन जिलों में उपलब्ध हैं अवसर

ये नौकरियां मुख्य रूप से बीकानेर, अलवर, जयपुर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, चुरू और भीलवाड़ा जैसे जिलों में केंद्रित हैं. सभी पद निजी संस्थाओं और संगठनों के हैं. पोर्टल पर उपलब्ध वर्तमान अवसरों में इंग्लिश टाइपर, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जैसे प्रोफाइल शामिल हैं. महिलाएं अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पद चुन सकती हैं. योजना के तहत संगठनों को प्रति महिला 3000 रुपये तक प्रशिक्षण प्रोत्साहन भी मिलता है, जिससे अधिक से अधिक अवसर पैदा हो रहे हैं.

आवश्यक दस्तावेज और तैयारी

आवेदन के लिए आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर जरूरी हैं. सभी दस्तावेज स्कैन करके तैयार रखें. पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जन आधार या आधार से लिंक करके किया जाता है. गाइडलाइंस पहले पढ़ लें ताकि कोई गलती न हो. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है और कोई फीस नहीं लगती.

आवेदन कैसे करें, स्टेप बाय स्टेप

सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल mahilawfh.rajasthan.gov.in पर जाएं. नए यूजर रजिस्ट्रेशन करें और जन आधार/आधार से डिटेल्स फेच करें. प्रोफाइल बनने के बाद उपलब्ध पदों में 'Apply Now' पर क्लिक करें. शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और दस्तावेज अपलोड करें. फॉर्म अच्छे से भरकर सबमिट कर दें. आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं. योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का सरकारी प्रयास है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इसका लाभ उठाएं.