WBSSC Teacher Recruitment Exam: सात सितंबर से सख्त सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरु, 5.65 लाख उम्मीदवार आज आजमाएंगे किस्मत
WBSSC Teacher Recruitment Exam: उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक पहुंचना होगा. प्रवेश का अंतिम समय 11:45 बजे तय किया गया है और परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. सभी मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा.
WBSSC Teacher Recruitment Exam: पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (WBSSC) की ओर से आयोजित स्कूल लेवल सिलेक्शन टेस्ट (SLST) सात और 14 सितंबर को होने जा रही है. इस परीक्षा के जरिए कक्षा 9-10 और 11-12 के लिए कुल 35,726 शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी. आयोग ने बताया कि लगभग 5.65 लाख उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे.
बीते वर्षों में भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवालों और घोटाले के आरोपों के बाद इस बार आयोग ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा में पारदर्शिता को लेकर कई कड़े कदम उठाए हैं. खासतौर पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए दागी उम्मीदवारों को बाहर करने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
भर्ती परीक्षा के लिए सख्त इंतजाम
WBSSC अध्यक्ष सिद्धार्थ मजूमदार ने जानकारी दी कि हर प्रश्नपत्र में अलग पहचान वाली सुरक्षा विशेषताएं जोड़ी गई हैं. इससे किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में अभ्यर्थी की तुरंत पहचान हो सकेगी.
Also Read
उम्मीदवारों की भारी संख्या
7 सितंबर को कक्षा 9-10 की परीक्षा के लिए 3.19 लाख उम्मीदवार 636 केंद्रों पर बैठेंगे, जबकि 14 सितंबर को कक्षा 11-12 के लिए 2.46 लाख उम्मीदवार 478 केंद्रों पर परीक्षा देंगे.
‘दागी उम्मीदवारों’ पर रोक
2016 की भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के चलते सर्वोच्च न्यायालय ने कई नियुक्तियों को “दूषित” बताया था. इसी आधार पर 1,806 नामों की सूची जारी की गई है, ताकि कोई भी संदिग्ध उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल न हो सके.
विपक्ष का आरोप
विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पैसे के बदले प्रश्नपत्र बेचे जा रहे हैं. हालांकि, WBSSC अध्यक्ष ने कहा कि आयोग केवल सुरक्षा उपायों और परीक्षा की पारदर्शिता पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
प्रवेश प्रक्रिया और सुरक्षा
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक पहुंचना होगा. प्रवेश का अंतिम समय 11:45 बजे तय किया गया है और परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. सभी मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा. यहां तक कि अधिकारियों को भी परीक्षा केंद्र के भीतर फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
प्रश्नपत्र की सुरक्षा
सभी प्रश्नपत्र सीलबंद लिफाफे में सुबह 10:30 बजे तक केंद्रों पर पहुंच जाएंगे. परीक्षा के दौरान बारकोड स्कैनर के जरिए एडमिट कार्ड की जांच की जाएगी.
गिरफ्तारी और अफवाहें
उत्तर 24 परगना में प्रश्नपत्र बिक्री के आरोप लगे, जबकि पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है.