प्रीलिम्स में फेल हुए तो दिल पर लग गई बात, 4 बार पास की UPSC परीक्षा, राजस्थान का बेटा बना UP कैडर का IPS अधिकारी

राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले अमृत जैन ने लगातार दो बार यूपीएससी प्रीलिम्स में असफल होने के बाद हार नहीं मानी. इसके बाद उन्होंने लगातार चार बार UPSC परीक्षा पास की.

Pinterest
Km Jaya

कहते हैं कि असफलता इंसान को कमजोर नहीं, बल्कि मजबूत बनने का मौका देती है. अगर मन में कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो मुश्किल से मुश्किल मंजिल भी हासिल की जा सकती है. राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले अमृत जैन की कहानी इसकी मिसाल है. 

उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में लगातार दो बार असफलता का सामना किया, लेकिन हार नहीं मानी. इसके बाद उन्होंने लगातार चार बार UPSC परीक्षा पास की. उनका सपना IAS अधिकारी बनने का था, लेकिन साल 2021 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) मिली और वह उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी बने.

NIT से की इंजीनियरिंग

अमृत जैन राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले हैं. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) वारंगल में दाखिला लिया. यहां से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें हैदराबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी मिल गई. हालांकि, अच्छी नौकरी मिलने के बावजूद उनका सपना कुछ अलग करने का था. वह सिविल सेवा में जाकर देश और समाज के लिए काम करना चाहते थे.


दो बार हुए असफल

अमृत ने साल 2016 में बिना किसी खास तैयारी के यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का पहला प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने साल 2017 में दोबारा परीक्षा दी. इस बार भी उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह प्रीलिम्स परीक्षा के कटऑफ से महज एक नंबर पीछे रह गए. लगातार दो असफलताओं ने उन्हें निराश जरूर किया, लेकिन इसी अनुभव ने उनके अंदर अधिकारी बनने का जुनून और मजबूत कर दिया. उन्होंने तय कर लिया कि अब पूरी तैयारी के साथ परीक्षा पास करके ही दम लेंगे.

तीसरे प्रयास में मिली पहली सफलता

दो बार असफल होने के बाद अमृत ने अपनी तैयारी का तरीका बदल दिया. उन्होंने यूपीएससी के पूरे सिलेबस को समझने के साथ पुराने प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट पर विशेष ध्यान दिया. इसके बाद साल 2018 में उन्होंने तीसरी बार परीक्षा दी. इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और उनका नाम रिजर्व लिस्ट में आ गया. इसी आधार पर उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (IDAS) में हुआ. हालांकि, उनका सपना अभी पूरा नहीं हुआ था. वह IAS अधिकारी बनना चाहते थे, इसलिए उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी.

लगातार चार साल पास की UPSC परीक्षा

अमृत जैन ने एक सफलता मिलने के बाद भी अपनी तैयारी नहीं छोड़ी. उन्होंने साल 2019 में फिर यूपीएससी परीक्षा दी और ऑल इंडिया रैंक 321 हासिल की. इसके बाद साल 2020 में उनकी रैंक 96 रही. वहीं, साल 2021 में उन्होंने 179वीं रैंक हासिल की. इस तरह अमृत ने 2018, 2019, 2020 और 2021 में लगातार चार बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की. उनकी इस उपलब्धि की खास बात यह भी रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम हासिल किया.

IAS बनने का था सपना, ऐसे बने IPS अधिकारी

चार बार यूपीएससी परीक्षा पास करने के बावजूद अमृत जैन IAS अधिकारी नहीं बन पाए. उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का था, लेकिन साल 2021 में उन्हें भारतीय पुलिस सेवा यानी IPS आवंटित हुई. इसके बाद वह उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी बने. उन्होंने यूपीएससी में चार बार सफलता हासिल करने से जुड़ी जानकारी अपने आधिकारिक X अकाउंट पर भी साझा की है. अमृत की कहानी उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो एक या दो असफलताओं के बाद अपने सपनों से समझौता करने लगते हैं. उनकी यात्रा बताती है कि सही रणनीति, मेहनत और धैर्य के साथ मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं.