UKMSSB Recruitment 2026: उत्तराखंड में 196 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती; 2 जुलाई तक करें आवेदन

उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 196 रिक्त पदों को भरा जाएगा.

Pinterest
Meenu Singh

नई दिल्ली: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग क्षेत्र के युवाओं के लिए उत्तराखंड से बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 196 रिक्त पदों को भरा जाएगा. स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थायी और सम्मानजनक करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है.

बोर्ड ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है और इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े.

2 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन 3 जून 2026 को जारी किया गया था. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू हो चुकी है. आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 2 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है. वहीं, आवेदन पत्र में सुधार के लिए 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी.


196 पदों पर होगी भर्ती

कुल 196 पदों में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं. महिला नर्सिंग ऑफिसर के लिए 157 पद आरक्षित हैं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 39 पद तय किए गए हैं. इन पदों को डिप्लोमा और डिग्री धारकों की योग्यता के अनुसार भी विभाजित किया गया है.

इतनी होगी शुरुआती सैलरी

चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल 7 के अंतर्गत वेतन मिलेगा. मासिक सैलरी 44,900 रुपये से शुरू होकर 1,42,400 रुपये तक जाएगी, जिससे यह भर्ती आर्थिक रूप से भी बेहद आकर्षक बन जाती है.

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) से मान्यता प्राप्त जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए. साथ ही उत्तराखंड नर्स एवं दाई परिषद में स्थायी पंजीकरण अनिवार्य है. आयु सीमा 21 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है.

चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क

अभ्यर्थियों का चयन 200 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण होगा. सामान्य एवं OBC वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि SC, ST, EWS और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 150 रुपये रखा गया है. इच्छुक अभ्यर्थी UKMSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.