सरकारी नौकरी का फॉर्म भर रहे हैं? इन 7 गलतियों से बचें, वरना हो सकता है आवेदन रद्द

सरकारी नौकरी के आवेदन में छोटी चूक भी उम्मीदवार का मौका खत्म कर सकती है. फोटो, हस्ताक्षर, नाम, श्रेणी, शुल्क और आवेदन से जुड़ी गलतियों को समय रहते जांचना जरूरी है.

Pinterest
Meenu Singh

सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी आवेदन पत्र को सही तरीके से भरना भी है. कई उम्मीदवार पात्र होने के बावजूद फॉर्म में हुई छोटी गलतियों के कारण परेशानी में पड़ जाते हैं. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान जानकारी में अंतर मिलने पर आवेदन निरस्त होने का खतरा रहता है. इसलिए आवेदन जमा करने से पहले हर विवरण की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए. खासकर फोटो, साइन, नाम, कास्ट और शुल्क से जुड़ी जानकारी में सावधानी जरूरी है.

फोटो, हस्ताक्षर और नाम में न हो गलती

भर्ती बोर्ड आवेदन के साथ फोटो और हस्ताक्षर के लिए निश्चित आकार, प्रारूप और फाइल सीमा तय करते हैं. इन्हें नजरअंदाज करने पर आवेदन अस्वीकार हो सकता है. नाम वही भरें, जो दसवीं की मार्कशिट में दर्ज है. नाम की स्पेलिंग या उसके पहले अक्षरों में अंतर होने पर दस्तावेज सत्यापन में सवाल उठ सकते हैं. प्रमाणपत्रों में वास्तविक अंतर होने पर संबंधित एफिडेविड रखना उपयोगी हो सकता है.

श्रेणी चुनते समय रहें बेहद सावधान

सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में सही विकल्प चुनना जरूरी है. आवेदन जमा होने के बाद श्रेणी बदलने का अवसर हमेशा नहीं मिलता. अन्य पिछड़ा वर्ग के गैर क्रीमी लेयर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को वैध प्रमाणपत्र की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी चाहिए. गलत श्रेणी का चयन बाद में आवेदन के लिए समस्या खड़ी कर सकता है.


शुल्क जमा करने के बाद जरूर जांचें स्थिति

शुल्क भुगतान के बाद आवेदन पूरा हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि जरूर करें. कई बार राशि कटने के बावजूद आवेदन की स्थिति लंबित रह सकती है. लेनदेन संख्या सुरक्षित रखें और भर्ती पोर्टल पर आवेदन की स्थिति जांचें. इसके अलावा एक ही भर्ती के लिए बार-बार आवेदन करने से बचें. इससे आवेदन को लेकर अनावश्यक परेशानी या निरस्तीकरण की स्थिति बन सकती है.

नोटिफिकेशन और सुधार का मौका न छोड़ें

आवेदन से पहले भर्ती की आधिकारिक सूचना पूरी पढ़ना जरूरी है. इसमें उम्र, योग्यता, निवास और अन्य शर्तों की जानकारी होती है. आवेदन के बाद सुधार का अवसर मिले तो उसका इस्तेमाल जरूर करें. हालांकि नाम, जन्मतिथि और श्रेणी जैसी मूल जानकारियों में बदलाव की अनुमति हर भर्ती में नहीं होती. इसलिए आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की अंतिम जांच करना सबसे सुरक्षित तरीका है.