नई दिल्ली: रेलवे की नौकरी का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सीईएन (CEN) संख्या 08/2024 के तहत लेवल-1 कैटेगरी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी (Provisional Answer Key) आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है. वे सभी उम्मीदवार जो इस कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) में शामिल हुए थे, वे अब बोर्ड की क्षेत्रीय वेबसाइटों पर जाकर अपनी उत्तर कुंजी देख सकते हैं.
उत्तर कुंजी जारी करने के साथ ही बोर्ड ने उम्मीदवारों को उनके द्वारा दिए गए उत्तरों की समीक्षा करने और यदि कोई त्रुटि हो, तो उस पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका भी दिया है. आरआरबी ग्रुप डी आंसर की 2026 के लिए 'ऑब्जेक्शन विंडो' (Objection Window) 17 फरवरी, 2026 को शाम 5:00 बजे से सक्रिय कर दी गई है.
उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि यह लिंक केवल 23 फरवरी, 2026 को शाम 5:00 बजे तक ही सक्रिय रहेगा. बोर्ड के नोटिस के अनुसार, प्रत्येक आपत्ति (Challenge) दर्ज कराने के लिए उम्मीदवार को 50 रुपये का शुल्क भुगतान करना होगा. यदि उठाई गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो यह शुल्क वापस कर दिया जाएगा. भुगतान के लिए डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई (UPI), नेट बैंकिंग और डिजिटल वॉलेट का उपयोग किया जा सकता है.
बता दें कि आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 नवंबर, 2025 से शुरू होकर 10 फरवरी, 2026 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया गया था. प्रोविजनल आंसर की पर उम्मीदवारों द्वारा दर्ज कराई गई चुनौतियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों (Subject Experts) की एक समिति द्वारा की जाएगी. यदि आपत्तियाँ सही पाई जाती हैं, तो उसके आधार पर फाइनल उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर उम्मीदवारों का अंतिम परिणाम घोषित होगा.
अभ्यर्थी नीचे दिए गए चरणों का पालन कर अपनी उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट देख सकते हैं:
1. सबसे पहले आरआरबी की आधिकारिक क्षेत्रीय वेबसाइट या rrbcdg.gov.in पर विजिट करें.
2. होमपेज पर ‘ग्रुप डी उत्तर कुंजी / आंसर की’ लिंक पर क्लिक करें.
3. अपनी लॉगिन विंडो में आवेदन संख्या और पासवर्ड (लॉगिन क्रेडेंशियल) दर्ज कर सबमिट करें.
4. आपकी स्क्रीन पर उत्तर कुंजी प्रदर्शित होगी, इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए प्रिंट लें.