IBPS Clerk Recruitment 2026: बैंक में नौकरी का बड़ा मौका, 11403 पदों पर आवेदन शुरू; ग्रेजुएट उम्मीदवार तुरंत करें अप्लाई
इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लेरिकल कैडर-XVI के तहत कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) के 11,403 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है.
IBPS Clerk Recruitment 2026: बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लेरिकल कैडर-XVI के तहत कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती अभियान के तहत देशभर के विभिन्न राज्यों में कुल 11,403 रिक्त पद भरे जाएंगे. उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1,731 पद हैं. इसके अलावा कर्नाटक में 1,414, महाराष्ट्र में 1,051, पश्चिम बंगाल में 946, गुजरात में 698 और तमिलनाडु में 675 पदों पर भर्ती की जाएगी.
इन राज्यों में सबसे ज्यादा रिक्तियां
IBPS ने राज्यों के अनुसार रिक्तियों का विवरण जारी किया है. उत्तर प्रदेश में 1,731, कर्नाटक में 1,414, महाराष्ट्र में 1,051, पश्चिम बंगाल में 946, गुजरात में 698, तमिलनाडु में 675, मध्य प्रदेश में 570, बिहार में 491, पंजाब में 481 और दिल्ली में 415 पद निर्धारित किए गए हैं. अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी अलग-अलग पद तय किए गए हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास स्नातक की डिग्री या अंकपत्र होना अनिवार्य है. आयु सीमा 20 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है. निर्धारित आयु सीमा के भीतर आने वाले उम्मीदवार ही आवेदन के पात्र होंगे.
Also Read
- Indian Army JAG Recruitment 2026: भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सुनहरा मौका, लॉ ग्रेजुएट्स के लिए निकली भर्ती; जानें कैसे करें आवेदन
- Rajasthan JET Result 2026: SKRAU ने घोषित किया राजस्थान जेट रिजल्ट, जानें स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का प्रॉसेस
- Central Bank Apprentice: सेंट्रल बैंक अप्रेंटिस भर्ती का इंतजार खत्म, 3655 उम्मीदवारों ने मारी बाजी
आवेदन शुल्क और वेतन
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये रखा गया है. वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग (PwD) और पूर्व सैनिक (EXSM) श्रेणी के उम्मीदवारों को 175 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. चयनित अभ्यर्थियों को 24,050 रुपये का न्यूनतम मूल वेतन मिलेगा. इसके अलावा भाग लेने वाले बैंक के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद CSA रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें. आवेदन पत्र में मांगी गई जानकारी भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें. इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें. भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखें.
जानें परीक्षा पैटर्न और संभावित परीक्षा तिथि
IBPS क्लर्क प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि मुख्य परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है. प्रारंभिक परीक्षा में अंग्रेजी भाषा, संख्यात्मक क्षमता और रीजनिंग से कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. मुख्य परीक्षा में सामान्य एवं वित्तीय जागरूकता, अंग्रेजी, रीजनिंग एवं कंप्यूटर एप्टीट्यूड तथा क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से प्रश्न शामिल होंगे.