Inspiring Journey: बेंगलुरु की गलियों से Adobe के CEO तक, अनिल चक्रवर्ती ने तय किया लंबा सफर; BHU से MIT तक चमकी प्रतिभा
भारतीय मूल के अनिल चक्रवर्ती को Adobe का नया अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है. वह एक दिसंबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे और शांतनु नारायण की जगह लेंगे.
किसी छोटे शहर या साधारण स्कूल से शुरू हुआ सफर अगर दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी की शीर्ष कुर्सी तक पहुंच जाए, तो कहानी अपने आप खास बन जाती है. अनिल चक्रवर्ती की उपलब्धि भी कुछ ऐसी ही है. बेंगलुरु से अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत करने वाले चक्रवर्ती अब एडोब के नए अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनने जा रहे हैं. कंपनी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है. वह एक दिसंबर से आधिकारिक तौर पर पद संभालेंगे.
चक्रवर्ती एडोब के मौजूदा सीईओ शांतनु नारायण की जगह लेंगे. नारायण ने 18 वर्षों से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व किया है और अब वह कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे. अनिल चक्रवर्ती का सफर पढ़ाई और तकनीकी क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने का उदाहरण है. उन्होंने बेंगलुरु के स्कूलों से शिक्षा शुरू की और आगे चलकर IIT BHU तथा MIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई की.
बेंगलुरु के स्कूल से शुरू हुई कहानी
अनिल चक्रवर्ती ने शुरुआती पढ़ाई सुदर्शन विद्या मंदिर से की. इसके बाद उन्होंने जयनगर के विजया हाई स्कूल में शिक्षा हासिल की. प्री-यूनिवर्सिटी के दो साल उन्होंने बसवनगुड़ी के नेशनल कॉलेज से पूरे किए. यहीं से उनकी मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार हुई. आगे उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग में प्रौद्योगिकी स्नातक की डिग्री हासिल की.
Also Read
MIT ने दी पढ़ाई को नई ऊंचाई
IIT BHU के बाद चक्रवर्ती ने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से विज्ञान में स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्री हासिल की. पढ़ाई के बाद उनका करियर मैनेजमेंट कंसल्टिंग, साइबर सुरक्षा, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और क्लाउड डेटा मैनेजमेंट जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ा. इस दौरान उन्होंने तकनीक और कारोबार दोनों क्षेत्रों में अनुभव हासिल किया, जिसने उनके पेशेवर सफर को लगातार मजबूत किया.
Adobe में भी संभाली बड़ी जिम्मेदारियां
अनिल चक्रवर्ती जनवरी 2020 में Adobe से जुड़े थे. शुरुआत में उन्हें डिजिटल एक्सपीरियंस कारोबार का नेतृत्व करने के लिए कार्यकारी उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक बनाया गया. सितंबर 2020 में उन्हें वैश्विक बिक्री परिचालन की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिली. फिलहाल वह ग्राहक अनुभव प्रबंधन कारोबार और वैश्विक बिक्री परिचालन के अध्यक्ष हैं. वह Adobe के रचनात्मकता और उत्पादकता समेत विभिन्न उत्पादों के बड़े कारोबारी ग्राहकों से जुड़े काम का नेतृत्व कर रहे हैं.
CEO बनने से पहले भी रहा लंबा अनुभव
Adobe में आने से पहले चक्रवर्ती कई बड़ी कंपनियों में अहम पदों पर काम कर चुके हैं. वर्ष 2015 से 2020 तक वह एंटरप्राइज क्लाउड डेटा मैनेजमेंट कंपनी Informatica के सीईओ रहे. इससे पहले उन्होंने Symantec, VeriSign और McKinsey & Company में वरिष्ठ पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं. अब Adobe की कमान मिलने के साथ उनके करियर को एक नई बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उनका सफर बेंगलुरु की कक्षाओं से शुरू होकर वैश्विक तकनीकी नेतृत्व तक पहुंचा है.