21 साल की छात्रा ने गुरुग्राम में खोला कैफे, 50 दिन में कमा डाले 15 लाख रुपये; जानिए क्या है खासियत
गुरुग्राम की 21 वर्षीय अनन्या अग्रवाल ने कॉलेज की पढ़ाई के साथ कैफे शुरू किया. उनके वेजिटेरियन बिस्ट्रो ने शुरुआती 50 दिनों में 15 लाख रुपये की कमाई की.
आमतौर पर कॉलेज के छात्र पढ़ाई, असाइनमेंट और नौकरी की तैयारी में व्यस्त रहते हैं, लेकिन गुरुग्राम की 21 वर्षीय अनन्या अग्रवाल ने पढ़ाई के साथ अपना कारोबार भी शुरू कर दिया. मैनेजमेंट स्टडीज में ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष की छात्रा अनन्या ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर 'लूम एंड लाइम' (Lume & Lime) नाम से एक वेजिटेरियन कैफे शुरू किया है. दावा है कि इस कैफे ने शुरुआती 50 दिनों में 15 लाख रुपये की कमाई की.
कर्ली टेल्स को दिए इंटरव्यू में अनन्या ने बताया कि कॉलेज की पढ़ाई और कैफे की जिम्मेदारी एक साथ संभालना आसान नहीं है. इसके लिए उन्हें क्लास, असाइनमेंट और परीक्षाओं के बीच कारोबार पर भी ध्यान देना पड़ता है. हालांकि, उन्हें उद्यमिता में काफी दिलचस्पी है और वह काम करते हुए लगातार सीख रही हैं.
खाने के असली स्वाद पर जोर
अनन्या का मकसद सिर्फ एक और रेस्टोरेंट खोलना नहीं था. वह ऐसा आरामदायक माहौल तैयार करना चाहती थीं, जहां लोग बिना किसी जल्दबाजी के अच्छे खाने का आनंद ले सकें. उनका मानना है कि भारत में इटैलियन, मेडिटेरेनियन और मैक्सिकन जैसे विदेशी व्यंजनों में अक्सर भारतीय मसालों और स्वादों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है. इससे उन व्यंजनों का असली स्वाद बदल जाता है. इसी वजह से उन्होंने अपने कैफे में अलग-अलग देशों के व्यंजनों का पारंपरिक स्वाद बनाए रखने पर जोर दिया है.
Also Read
पिता के अनुभव से सीख रहीं कारोबार की बारीकियां
अनन्या ने यह कैफे अपने माता-पिता डॉ. विशाल अग्रवाल और प्रीति अग्रवाल के साथ मिलकर शुरू किया है. उनके पिता को कारोबार का एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. ऐसे में अनन्या को पढ़ाई के साथ व्यावसायिक फैसलों और रेस्टोरेंट मैनेजमेंट की व्यावहारिक जानकारी भी मिल रही है. ब्रांड की पहचान बनाने से लेकर कारोबारी बैठकों और रेस्टोरेंट के संचालन तक, वह अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रही हैं. इस तरह उन्हें अपनी मैनेजमेंट की पढ़ाई को वास्तविक कारोबार में इस्तेमाल करने का मौका मिल रहा है.
इटैलियन, मैक्सिकन और मेडिटेरेनियन व्यंजन हैं खास
'लूम एंड लाइम' पूरी तरह शाकाहारी कैफे है. इसके मेन्यू में ब्रिक ओवन पिज्जा, हाथ से तैयार पास्ता, टैको, मेजे प्लैटर, स्पेशल ब्रेड और अलग-अलग तरह के फ्राइज शामिल हैं. यहां स्पेशल कॉफी, अन्य पेय पदार्थ और डेजर्ट भी मिलते हैं. कैफे में वीगन विकल्प भी उपलब्ध हैं. इसके इंस्टाग्राम अकाउंट के मुताबिक, कैफे रोजाना सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है. अनन्या की यह पहल दिखाती है कि युवा किस तरह अपनी पढ़ाई के साथ उद्यमिता की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं.