menu-icon
India Daily

'प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार बनना चाहिए', राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान बोले शी जिनपिंग

अमेरिका और चीन में एक बार फिर से रिश्ते सुधरते नजर आ रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त चीन दौरे पर हैं, इस दौरान जिनपिंग ने ट्रंप की तारीफ की और अमेरिका के साथ नए संबंध बनाने की इच्छा जाहिर की.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार बनना चाहिए', राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान बोले शी जिनपिंग
Courtesy: X (@SpoxCHN_MaoNing)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त चीन यात्रा पर हैं. ईरान युद्ध के बीच की जा रही इस यात्रा पर पूरे विश्व की नजर है. चीन के खिलाफ हमेशा आग उगलने वाले डोनाल्ड ट्रंप के सुर बीजिंग पहुंचते ही बदले नजर आ रहे हैं. उन्होंने इस खास मौके को सम्मान की बात कहा है. वहीं अमेरिका के हर एक दुश्मन को समर्थन देने वाला चीन ट्रंप को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया है. 

बीजिंग में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने शुरुआती संबोधन के दौरान चीन की तारीफ में पुल बांधे, वहीं राष्ट्रपति जिनपिंग ने भी अमेरिका के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि एक साझेदार की तरह काम करना चाहिए.

हमें देख रही पूरी दुनिया-जिनपिंग

शी जिनपिंग ने ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि हमें एक-दूसरे की सफलता और समृद्धि में सहयोग करने की जरूरत है. हम एक प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार के रूप में काम कर सकते हैं. इस नए दौर में बड़े देशों को आपसी संबंध सही करने चाहिए.

उन्होंने संबोधन के दौरान कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ चर्चा और काम करने के लिए एक्साइटेड हैं. उन्होंने दोनों देशों को एक दूसरे की सफलता में सहयोग करने की बात कही. जिनपिंग ने कहा कि इस नए संबंध से 2026 को ऐतिहासिक साल बनाया जा सकता है. इसके साथ चीनी राष्ट्रपति ने अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष पर बधाई देते हुए कहा कि पूरी दुनिया हमारी ओर देख रही है. दुनिया में ऐसा बदलाव तेजी से हो रहा है, जिसे पिछले नौ सालों में नहीं देखा गया. 

ट्रंप ने जिनपिंग को बताया महान नेता

चीनी राष्ट्रपति ने कुल मिलाकर अमेरिका के साथ नए संबंध बनाने पर जोर डाला. उन्होंने वहां मौजूद लोगों के बीच सवाल किया कि क्या हम मिलकर दुनिया में ज्यादा स्थिरता ला सकते हैं? क्या हम मानवता के हित में बेहतर भविष्य बना सकते हैं? जिनपिंग ने कहा कि यह ऐसे सवाल हैं जिसका जवाब हमें मिलकर देना है .

वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने भी चीन के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने की कोशिश की. उन्होंने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि हमारा भविष्य एक साथ और भी ज्यादा शानदार होगा. ट्रंप ने जिनपिंग को एक महान नेता का भी दर्जा दिया और कहा कि शायद मेरा ऐसा कहना कुछ लोगों को पसंद ना आए लेकिन फिर भी मैं ऐसा कहता हूं. शुरुआती बातचीत में दोनों देश काफी पॉजीटिव नजर आ रहे हैं. हालांकि ट्रंप और जिनपिंग की खास मुलाकात के बाद इस बैठक के बारे में सही पता चल पाएगा.