अमेरिका ने ईरानी जहाज ‘तौसका’ को ओमान की खाड़ी में रोककर किया जब्त, घटना का वीडियो आया सामने

अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में ईरानी कार्गो जहाज ‘तौसका’ को रोका. यूएस नेवी के गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर यूएसएस स्प्रुएंस ने चेतावनी के बाद इंजन रूम में गोलीबारी कर जहाज को अक्षम कर दिया. इसके बाद मरीन्स ने जहाज पर कब्जा कर लिया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना की जानकारी साझा की.

ANI
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी जहाज को रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई की. यूएस सेंट्रल कमांड ने वीडियो फुटेज जारी कर पूरी घटना दिखाई है. लगभग 900 फीट लंबे ईरानी जहाज ‘तौसका’ ने नौसैनिक ब्लॉकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने उसे अक्षम कर दिया. राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद इसकी पुष्टि की और कहा कि जहाज अब अमेरिकी नियंत्रण में है.

सेंट्रल कमांड ने जारी किया वीडियो

सेंट्रल कमांड द्वारा जारी वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे यूएसएस स्प्रुएंस ने ईरानी जहाज तौसका को ट्रैक किया. चालक दल को इंजन रूम खाली करने की चेतावनी दी गई. जब जहाज रुका नहीं तो गोलीबारी शुरू हुई. कुछ ही देर में जहाज का प्रोपल्शन सिस्टम निष्क्रिय हो गया और वह बहने लगा. फुटेज में गोलीबारी के बाद जहाज को पूरी तरह नियंत्रण में लेने के दृश्य भी कैद हैं.

चेतावनी के बाद की गई गोलीबारी

वीडियो में स्पष्ट है कि क्रू को इंजन रूम से निकलने का आदेश दिया गया. चेतावनी के बावजूद जहाज ने रुकने से इनकार कर दिया. इसके बाद डिस्ट्रॉयर ने अपनी 5 इंच की गन से कई राउंड फायर किए. निशाना इंजन रूम पर था, जिससे जहाज की गति पूरी तरह बंद हो गई. अमेरिकी अधिकारियों ने इसे ब्लॉकेड का उल्लंघन बताते हुए जरूरी कार्रवाई बताया.

यहां देखें वीडियो

ईरान ने की कड़ी निंदा

ईरान ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. तेहरान के हजरत खत्म अल-अंबिया मुख्यालय ने इसे अमेरिकी सैन्य बल द्वारा की गई सशस्त्र समुद्री डकैती बताया. ईरानी सशस्त्र बलों ने चेतावनी दी कि जल्द ही इसकी जवाबी कार्रवाई की जाएगी. ईरान का कहना है कि यह घटना क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है और वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए कोई भी कदम उठाने को तैयार है.