Weather IMD US Israel Iran War

24 घंटे में ईरान ने मचाई तबाही! 2 अमेरिकी फाइटर जेट और 2 हेलीकॉप्टर ध्वस्त; ट्रंप की बढ़ गई मुश्किलें

ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध में पिछले 24 घंटों में अमेरिका को भारी नुकसान हुआ है, जिससे तनाव और बढ़ गया है. युद्धविराम की कोई संभावना दिख नहीं रही है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध ने पिछले 24 घंटों में नया मोड़ ले लिया है, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान अमेरिका को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसमें दो फाइटर जेट और दो हेलीकॉप्टर के तबाह होने की खबर सामने आई है.

बताया जा रहा है कि एक F-15E स्ट्राइक ईगल को ईरान के खुजेस्तान क्षेत्र में मार गिराया गया. इस विमान में सवार दो पायलटों में से एक को बचा लिया गया, जबकि दूसरा अभी भी लापता है. उसकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

पिछले 24 घंटे में और क्या-क्या हुए?

इसके अलावा ईरान ने अमेरिकी बचाव अभियानों को भी निशाना बनाया. इस दौरान HH-60W Jolly Green II हेलीकॉप्टरों पर हमला किया गया, जिसमें दो हेलीकॉप्टर मिशन के दौरान नष्ट हो गए. हालांकि इन हेलीकॉप्टरों के क्रू मेंबर्स सुरक्षित बचने में सफल रहे और अपने बेस पर लौट आए.

रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि ईरान ने A-10 Warthog विमान को भी निशाना बनाया, जिसमें एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जबकि दूसरा किसी तरह बेस तक लौटने में सफल रहा. वहीं एक F-16 fighter jet को भी आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी है. उसके दो KC-135 रीफ्यूलिंग टैंकरों को भी आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी है.

दूसरे शब्दों में पिछले 24 घंटों में ईरान ने अमेरिका को जो झटके दिए हैं, वे अमेरिका के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गए हैं. ट्रंप ने बार-बार ईरान के आसमान पर अपना दबदबा होने का दावा किया है लेकिन पिछले 24 घंटों की घटनाओं से यह पूरी तरह साफ हो गया है कि यह टकराव अब एक और भी ज्यादा खतरनाक दौर में प्रवेश करने वाला है.

ट्रंप ने क्या कहा?

इन घटनाओं के बाद ट्रंप लगातार व्हाइट हाउस में बैठकों का दौर चला रहे हैं और युद्ध की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. हालांकि ट्रंप ने कहा है कि इन घटनाओं का युद्धविराम की बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

ईरान की ओर से क्या किया गया दावा?

ईरान की ओर से यह भी दावा किया गया है कि वह लापता अमेरिकी पायलट की तलाश कर रहा है. रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इस पायलट को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और स्थानीय लोगों से मदद की अपील की है.