ट्रंप के टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में दमदार तेजी, निवेशकों में लौटी खुशी की लहर

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 201 अंक यानी 0.4 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ. S&P 500 में भी 0.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई.

pinterest
Sagar Bhardwaj

अमेरिका के शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. यह उछाल उस समय आया जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को अवैध घोषित कर दिया. जीडीपी के कमजोर डेटा के बावजूद सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से निवेशकों में उत्साह देखने को और शेयर बाजार में दमदार तेजी देखने को मिली.

शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 201 अंक यानी 0.4 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ. S&P 500 में भी 0.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. वहीं टेक शेयरों के सूचकांक Nasdaq Composite में 0.5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली. गूगल की मूल कंपनी Alphabet Inc. के शेयर करीब 2 प्रतिशत उछले, जिससे नैस्डैक को सहारा मिला.

शुरुआत में बाजार पर था दबाव

कारोबार की शुरुआत में बाजार दबाव में था लेकिन जैसे ही सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिस कानून के आधार पर आयात शुल्क लगाए गए थे, वह राष्ट्रपति को ऐसे टैरिफ लगाने की अनुमति नहीं देता, बाजार में तेजी लौट आई. इस फैसले से व्यापारिक तनाव कम होने और कंपनियों की लागत घटने की उम्मीद जगी है. निवेशकों का मानना है कि इससे कंपनियों के मुनाफे और वैश्विक सप्लाई चेन को राहत मिल सकती है.

कमजोर आर्थिक संकेतों के बावजूद बाजार में तेजी

साप्ताहिक आधार पर डाउ में मामूली 0.1 प्रतिशत की बढ़त दिख रही है. एसएंडपी 500 लगभग 0.7 प्रतिशत ऊपर है. वहीं नैस्डैक पांच हफ्तों की गिरावट का सिलसिला तोड़ते हुए 1 प्रतिशत से अधिक चढ़ने की राह पर है.

हालांकि आर्थिक आंकड़े उतने मजबूत नहीं रहे. चौथी तिमाही में अमेरिका की जीडीपी वृद्धि दर 1.4 प्रतिशत रही, जो अनुमानित 2.5 प्रतिशत से कम है. इससे पहले की तिमाही में 4.4 प्रतिशत की तेज वृद्धि दर्ज की गई थी. अमेरिकी वाणिज्य विभाग के अनुसार, लंबा चला सरकारी शटडाउन विकास दर पर भारी पड़ा और करीब 1 प्रतिशत की कमी का कारण बना. इस बीच महंगाई का दबाव बना हुआ है. फेडरल रिजर्व द्वारा पसंद किया जाने वाला मुद्रास्फीति का पैमाना स्थिर बना रहा. कुल मिलाकर, अदालत के फैसले ने कमजोर आर्थिक संकेतों के बावजूद बाजार में नई ऊर्जा भर दी.