'भविष्य के उम्मीदवारों को 100 बार परखेंगे', राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के बीजेपी में जाने पर बोले केजरीवाल

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा और 6 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने को धोखा बताया. उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्यसभा उम्मीदवार चुनते समय 100 बार विश्वसनीयता जांचेंगे.

@ArvindKejriwal
Sagar Bhardwaj

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. गोवा में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने इस घटनाक्रम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पार्टी के साथ विश्वासघात करार दिया.

भविष्य में उम्मीदवारों की 100 बार होगी जांच

केजरीवाल ने पहली बार इस मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि इन नेताओं को जनता ने सीधे नहीं चुना था, बल्कि आप ने राज्यसभा भेजा था. उन्होंने कहा, "अब से किसी को भी राज्यसभा भेजने से पहले हम सौ बार जांच करेंगे कि वह व्यक्ति भरोसेमंद है या नहीं. उन्होंने पार्टी को धोखा दिया है, आप ने किसी को धोखा नहीं दिया."

विरोधी दल में शामिल होने से आप को झटका

उल्लेखनीय है कि राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी ने आप छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. इन सात सांसदों का दलबदल दो-तिहाई से अधिक होने के कारण वे दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता से बच गए, जिससे राज्यसभा में आप की संख्या घटकर केवल तीन रह गई.


घटनाक्रम से सबक लेकर सतर्क होगी आप

केजरीवाल ने स्वीकार किया कि यह प्रकरण आप के लिए एक बड़ा सबक है. राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद उनके इस कदम के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन छह अन्य सांसदों के एक साथ जाने से संसद में आप की ताकत को बड़ा झटका लगा है.