T20 World Cup 2026

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, अमेरिका ने वेनेजुएला की सरकार को दी आधिकारिक मान्यता

जनवरी में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में कार्रवाई की थी और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ हिरासत में ले लिया था.

@bralternativo_
Sagar Bhardwaj

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने घोषणा की कि अमेरिका अब वेनेजुएला की मौजूदा सरकार को आधिकारिक मान्यता देता है. इस फैसले को दोनों देशों के रिश्तों में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि कई वर्षों से अमेरिका और वेनेजुएला के बीच राजनीतिक तनाव बना हुआ था.

शील्ड ऑफ द अमेरिकाज समिट में किया ऐलान

फ्लोरिडा के डोरल शहर में आयोजित “शील्ड ऑफ द अमेरिकाज समिट” में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने इस सप्ताह वेनेजुएला की सरकार को कानूनी रूप से मान्यता दे दी है. उनके अनुसार यह कदम दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

अमेरिका की कैद में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

दरअसल, इस साल की शुरुआत में हालात काफी तनावपूर्ण थे. जनवरी में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में कार्रवाई की थी और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ हिरासत में ले लिया था. अमेरिका ने मादुरो पर मादक पदार्थों से जुड़े आतंकवाद यानी “नार्को टेररिज्म” का आरोप लगाया है. फिलहाल वह अमेरिका में मुकदमे का सामना कर रहे हैं.

डेल्सी रोड्रिगेज के हात में वेनेजुएला की सत्ता

मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने अस्थायी तौर पर सत्ता की जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को सौंप दी थी. उन्होंने 5 जनवरी को कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. इसके बाद से दोनों देशों के बीच रिश्तों को बेहतर बनाने के लिए कई कूटनीतिक कदम उठाए गए.

ट्रंप ने की रोड्रिगेज की तारीफ

राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में डेल्सी रोड्रिगेज की तारीफ भी की थी. उन्होंने कहा था कि वह देश में स्थिरता बनाए रखने और अमेरिका के साथ सहयोग बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि वेनेजुएला में तेल उत्पादन फिर से शुरू हो रहा है और दोनों देशों के बीच पेशेवर सहयोग देखने को मिल रहा है.

तेल को लेकर सहयोग बढ़ाने पर बातचीत

इसी बीच अमेरिका के कई वरिष्ठ अधिकारी भी वेनेजुएला का दौरा कर चुके हैं. अमेरिकी गृह मंत्री डग बर्गम ने वहां जाकर तेल और खनन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर बातचीत की. वहीं अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने भी देश के तेल और गैस ढांचे का जायजा लिया.

इसके अलावा अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने अमेरिकी कंपनियों को वेनेजुएला के तेल से जुड़े कुछ व्यापारिक लेनदेन की अनुमति भी दी है. माना जा रहा है कि इन कदमों से दोनों देशों के बीच आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों में नई शुरुआत हो सकती है.