California Fighter Plane Crash: अमेरिकी नौसेना का F-35 लड़ाकू विमान क्रैश, कैलिफोर्निया बेस के पास हुई दुर्घटना

यह लड़ाकू विमान VF-125 स्क्वाड्रन का हिस्सा था, जिसे ‘रफ रेडर्स’ के नाम से जाना जाता है. यह यूनिट एक फ्लीट रिप्लेसमेंट स्क्वाड्रन है, जो नौसेना के पायलटों और एयरक्रू को युद्ध के लिए तैयार करता है.

Pinterest
Reepu Kumari

California Fighter Plane Crash: अमेरिका के कैलिफोर्निया में बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. लेमूर नेवल एयर स्टेशन के पास अमेरिकी नौसेना का एडवांस्ड F-35 लड़ाकू विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. राहत की बात ये रही कि पायलट वक्त रहते विमान से सुरक्षित बाहर निकल गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई.

ये घटना स्थानीय समय के मुताबिक शाम करीब 6:30 बजे हुई. हादसे के बाद नौसेना ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

प्रशिक्षण मिशन पर था विमान

बताया जा रहा है कि यह लड़ाकू विमान VF-125 स्क्वाड्रन का हिस्सा था, जिसे ‘रफ रेडर्स’ के नाम से जाना जाता है. यह यूनिट एक फ्लीट रिप्लेसमेंट स्क्वाड्रन है, जो नौसेना के पायलटों और एयरक्रू को युद्ध के लिए तैयार करता है. यानी यह विमान किसी जंगी मिशन पर नहीं, बल्कि नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था. हादसा किन तकनीकी या मानवीय कारणों से हुआ, इस पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा.

लेमूर नेवल स्टेशन: नौसेना का प्रमुख एयरबेस

जहां यह हादसा हुआ वह बेस अमेरिकी नौसेना के रणनीतिक हवाई अभियानों का एक अहम केंद्र माना जाता है. यह बेस कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो शहर से करीब 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और पश्चिमी तट पर नौसेना की हवाई ताकत का बड़ा हिस्सा यहीं से संचालित होता है.

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

F-35 जैसे एडवांस्ड और महंगे विमान का क्रैश होना किसी भी वायुसेना के लिए चिंता का विषय होता है. हालांकि, पायलट की सूझबूझ और तेजी से लिए गए फैसले ने उसकी जान बचा ली. यह हादसा कितना गंभीर था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पायलट को सुरक्षित बाहर निकलने में चंद सेकंड मिले.

जांच के घेरे में तकनीकी खामी

अब इस पूरी घटना की जांच की जा रही है कि कहीं इसमें कोई तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं थी या पायलटिंग से जुड़ी कोई गलती तो नहीं हुई. अमेरिकी नौसेना F-35 जैसे एडवांस्ड विमानों पर अरबों डॉलर खर्च करती है, इसलिए हर हादसा उनकी रणनीति और सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है.