अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक नशामुक्त होगा भारत; युवाओं के लिए बनाया खास लक्ष्य

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को नशामुक्त बनाने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है. अमित शाह ने ऐलान किया है कि सरकार का उद्देश्य 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह नशे से मुक्त बनाना है.

ANI X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को नशामुक्त बनाने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है. अमित शाह ने ऐलान किया है कि सरकार का उद्देश्य 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह नशे से मुक्त बनाना है. यह वादा उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर किया. साथ ही उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए कहा.

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे पूरा करने के लिए नशामुक्त भारत बनाना बेहद ही जरूरी है. उन्होंने देश के युवाओं से अपील की है कि देश की तरक्की उनके हाथ में है और अगर वो नशे की गिरफ्त में रहेंगे तो यह प्रभावित होगी. ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है.

नशामुक्त भारत के लिए 2029 तक का लक्ष्य:

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने 31 दिसंबर 2029 तक भारत को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाएं.


शाह के मुताबिक, नशे की लत न केवल व्यक्ति की सेहत खराब करती है, बल्कि पूरे परिवार को भी प्रभावित करती है. इससे युवाओं का भविष्य, उनकी शिक्षा और रोजगार की संभावनाएं भी प्रभावित होती हैं. ऐसे में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है.

नशामुक्त भारत को बताया विकसित देश की नींव:

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और एक देश, एक कर व्यवस्था जैसे फैसलों को गिनाया. उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का निर्माण भी देश की बड़ी उपलब्धियों में शामिल होगा. अब सरकार का जोर युवाओं को नशे से बचाने और देश को बेहतर भविष्य की ओर ले जाने पर है.