अमेरिका ने ईरानी तेल पर दी 30 दिन की छूट, मार्केट में आएंगे 140 मिलियन बैरल; कीमतों पर लगेगा ब्रेक

बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट के बीच ट्रम्प प्रशासन ने अस्थायी रूप से ईरानी तेल की 30 दिनों तक सीमित बिक्री की अनुमति दी है. इसके तहत समुद्र में पहले से लदे ईरानी तेल को वैश्विक बाजार में बेचने की इजाजत दी गई है.

X (@sergeantkit)
Meenu Singh

नई दिल्ली: वैश्विक ऊर्जा बाजार इस समय भारी दबाव में हैं, और इसी बीच अमेरिका ने एक ऐसा कदम उठाया है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट के बीच, ट्रम्प प्रशासन ने अस्थायी राहत देते हुए ईरानी तेल की सीमित बिक्री की अनुमति दी है.

ट्रम्प प्रशासन ने 30 दिनों की विशेष छूट दी है, जिसके तहत समुद्र में पहले से लदे ईरानी तेल को वैश्विक बाजार में बेचने की इजाजत दी गई है. उन्होंने इस बात की घोषणा एक्स अकाउंट पर की. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य मौजूदा आपूर्ति को खोलकर बाजारों को शीघ्रता से स्थिर करना है. उन्होंने कहा कि करीब 140 मिलियन बैरल तेल बाजार में पहुंच सकता है. 

क्या है छूट की सीमा?

अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा जारी लाइसेंस के मुताबिक यह अनुमति केवल 20 मार्च से 19 अप्रैल के बीच पहले से लदे तेल पर लागू होगी. नए उत्पादन या नई खरीद की इसमें कोई अनुमति नहीं है, जिससे यह साफ होता है कि यह एक अस्थायी और सीमित कदम है.

बेसेंट ने इस फैसले को संघर्ष के कारण पैदा हुए व्यवधानों का मुकाबला करने के लिए एक लक्षित हस्तक्षेप के रूप में परिभाषित किया. 

बाजार को स्थिर करने की कोशिश

अधिकारियों का कहना है कि ये फैसला ऊर्जा आपूर्ति में आई रुकावट को दूर करने के लिए लिया गया है. खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे मुख्य समुद्री मार्गों में संभावित व्यवधानों ने वैश्विक सप्लाई चेन को प्रभावित किया है.

उन्होंने आगे कहा कि इस कदम से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी. 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को जारी रखते हुए, हम कीमतों को कम रखने के लिए तेहरान के खिलाफ ईरानी तेल का इस्तेमाल करेंगे.

व्यापक रणनीति का हिस्सा

यह छूट कोई अकेला कदम नहीं है, बल्कि हाल के समय में उठाए गए कई फैसलों का हिस्सा है. इससे पहले रूसी तेल पर भी कुछ ढील दी गई थी. प्रशासन का दावा है कि वह अब तक वैश्विक बाजार में सैकड़ों मिलियन बैरल अतिरिक्त तेल उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर चुका है.