US Elections 2024: कौन हैं 44 साल के काश पटेल? अगर डोनाल्ड ट्रंप जीते तो मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
US Elections 2024: पेशे से वकील काश पटेल 2019 से ट्रंप सरकार में तेजी से उभरे थे. उनकी वफादारी ने उन्हें रक्षा और खुफिया विभाग में महत्वपूर्ण भूमिकाएं दिलाईं, जिसकी आलोचना भी हुई. ट्रंप के सत्ता से हटने के बाद भी काश पटेल उनके करीब रहे. कहा जाता है कि ट्रंप के लिए काश पटेल कुछ भी कर सकते हैं.
US Elections 2024: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रंप जोर-आजमाइश में जुटे हुए हैं. इस बीच उनकी पूर्व की सरकार में प्रमुख पदों पर रहे भारतीय मूल के काश पटेल चर्चा में हैं. अटलांटिक की रिपोर्ट के अनुसार, 40 साल के पेशे से वकील काश पटेल, 2019 में ट्रंप प्रशासन में शामिल होने के बाद तेज़ी से चर्चाओं में आएं. 2020 के चुनाव के तुरंत बाद कार्यवाहक रक्षा सचिव के चीफ ऑफ़ स्टाफ़ के रूप में उनकी नियुक्ति कर दी गई, जो विवादों में रही.
द अटलांटिक के अनुसार, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन मार्क मिली ने पटेल को चेतावनी दी थी कि वे ट्रंप को सत्ता में बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों में शामिल न हों, हालांकि पटेल ने इस बात से इनकार किया.
अटलांटिक ने ये भी कहा कि काश पटेल को एफबीआई और सीआईए के उप निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति के लिए कड़े विरोध का सामना करना पड़ा. अलोचनाओं के बावजूद पटेल की ट्रंप के प्रति गजब की वफादारी थी.
कहा जाता है कि पटेल के कार्यकाल के दौरान उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के कार्यालय और फिर रक्षा विभाग में ट्रांसफर किया गया, जहां उनका महत्वपूर्ण प्रभाव था. ट्रंप के सत्ता से जाने के बाद भी काश पटेल उनके साथ घनिष्ठ रूप से जुड़े रहे. उन्होंने गवर्नमेंट गैंगस्टर्स जैसी किताबें लिखी हैं और ट्रंप की 2024 की अभियान रैली के लिए गाने भी लिखे.
आखिर कौन हैं काश पटेल?
पेस यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल से ग्रेजुएशन करने के बाद काश पटेल को उन प्रतिष्ठित लॉ फर्मों में नौकरी नहीं मिली, जिनमें वे शामिल होना चाहते थे. इसके बाद वे एक पब्लिक डिफेंडर बन गए और न्याय विभाग (Justice Department) में शामिल होने से पहले मियामी में स्थानीय और संघीय अदालतों में लगभग 9 साल बिताए.
तीन साल से कुछ अधिक समय बाद, पटेल को प्रतिनिधि डेविन नून्स (ट्रंप के कट्टर सहयोगी) के नेतृत्व वाली खुफिया मामलों की सदन की स्थायी चयन समिति के लिए एक कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया. नून्स ने पटेल को 2016 के अभियान में रूसी हस्तक्षेप की समिति की जांच का काम सौंपा था.
पटेल ने 'न्यून्स मेमो' नाम के चार पन्नों की रिपोर्ट लिखने में मदद की, जिसमें विस्तार से बताया गया कि कैसे न्याय विभाग (Justice Department) ने ट्रंप के एक पूर्व कैंपेन स्वयंसेवक की निगरानी के लिए वारंट प्राप्त करने में गलती की थी. मेमो के जारी होने पर न्याय विभाग ने कड़ा विरोध किया. बाद में महानिरीक्षक की रिपोर्ट में रूस की जांच के दौरान एफबीआई निगरानी में महत्वपूर्ण समस्याओं की पहचान की गई , लेकिन इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि एफबीआई ने जांच करने में पक्षपातपूर्ण उद्देश्यों से काम किया था.
मेमो ने ट्रंप का ध्यान खींचा और जल्द ही पटेल राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में काम करने लगे और बाद में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में काम करने लगे. वे कुछ समय के लिए राष्ट्रीय खुफिया के तत्कालीन कार्यवाहक निदेशक के शीर्ष सलाहकार थे और नवंबर 2020 में उन्हें कार्यवाहक रक्षा सचिव क्रिस्टोफर मिलर के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था.
ट्रंप के सत्ता गंवाने के बाद से काश पटेल क्या कर रहे हैं?
44 साल के काश पटेल, ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप के बोर्ड में हैं, जो ट्रुथ सोशल का मालिक है और कंपनी के साथ उनका एक कंसल्टिंग कॉन्ट्रैक्ट था, जिसके तहत उन्हें हर साल 1 लाख 20 हजार डॉलर का भुगतान किया जाता था. ट्रंप के नेतृत्व वाले पीएसी ने कैंपेन फाइनेंस रिकॉर्ड और ट्रुथ सोशल की सार्वजनिक फाइलिंग के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में काम करने के लिए पिछले साल की शुरुआत से पटेल को 300,000 डॉलर से अधिक का भुगतान किया है.
जनवरी 2021 में ट्रंप के व्हाइट हाउस छोड़ने के तुरंत बाद, पटेल ने फाइट विद काश नाम का एक संगठन शुरू किया, जो मानहानि के मुकदमों को फंड करता है और कई तरह के सामान बेचता है. इसमें ब्रांडेड मोजे और पानी की बोतलें, स्वेटशर्ट और बेसबॉल टोपी आदि शामिल है. अब ये संगठन 'द काश फाउंडेशन' बन गया है , जो एक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसका उद्देश्य मुखबिरों, कानून प्रवर्तन और शिक्षा का समर्थन करना है, उन क्षेत्रों में जिन्हें मुख्यधारा का मीडिया कवर करने से इनकार करता है.
पटेल किताबें लिखने में भी व्यस्त रहे हैं. उन्होंने पिछले साल 'गवर्नमेंट गैंगस्टर्स: द डीप स्टेट, द ट्रुथ, एंड द बैटल फॉर अवर डेमोक्रेसी' नाम की किताब लिखी थी. इसके अलावा, उन्होंने बच्चों के लिए दो नॉवेल भी लिखे हैं, जिनमें ट्रंप की प्रशंसा की गई है.